जीवन दीप समिति की बैठक विधायक की अध्यक्षता में संपन्न

अंबिकापुर/लखनपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर में दो जनवरी, मंगलवार को जीवनदीप समिति के अध्यक्ष और अंबिकापुर विधानसभा के विधायक राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई। बैठक में कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन नहीं करें। मरीजों के स्वजनों से मधुर व्यवहार करें, जिससे मरीज एवं इनके स्वजनों को किसी प्रकार का दिक्कत न हो।
बैठक दौरान मुख्य रूप से जीवनदीप समिति के कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी किया गया। कुछ कर्मचारियों द्वारा कार्य नहीं करने की बात सामने आने पर इनके स्थान पर दूसरे कर्मचारी की नियुक्ति की गई। कुछ एंबुलेंस चालकों द्वारा शराब के नशे में धुत्त होकर मरीज एवं उसके स्वजनों से दुर्व्यवहार और काम सही तरीके से नहीं करने पर इन्हें फटकार लगाते हुए पीड़ितों व इनके स्वजन के प्रति संवेदनशील रहने की नसीहत दी गई। यह भी कहा गया कि विभाग के एंबुलेंस चालक द्वारा अगर शराब के नशे एंबुलेंस चलाया जाता है तो उसके विरूद्ध सख्त कार्रवाई होगी। समय रहते रवैये में सुधार करने की हिदायत विधायक ने दी है। विधायक राजेश अग्रवाल ने बीएमओ डॉ. पीएस मार्को को निर्देशित करते हुए कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शव वाहन उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में किराए के वाहन से तत्काल शव इनके घर तक पहुंचवाने की व्यवस्था करें। वाहन के किराए का वहन वे स्वयं करेंगे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सेटअप के आधार पर कुछ विशेषज्ञों और डॉक्टर के पद रिक्त हैं उनके विषय में भी चर्चा की गई। रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरने का आश्वासन विधायक ने दिया। डीजल की राशि भुगतान के संबंध में उन्होंने कहा कि लॉग बुक के हिसाब से किलोमीटर की दूरी के आधार पर डीजल का भुगतान किया जाए और व्यवस्था में सुधार किया जाए। अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रात्रिकालीन कुछ स्टाफ नर्सों के द्वारा मरीज के स्वजनों एवं मरीज से दुर्व्यवहार जैसे मामले में विधायक ने बीएमओ को सख्त निर्देश दिए कि समझाइया के बाद भी कर्मचारियों द्वारा मरीज के स्वजनों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है तो उनके ऊपर सख्त कार्रवाई करें। बैठक के अंत में सभी डॉक्टर, स्टाफ, कर्मचारियों को स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने, शौचालय सहित अस्पताल के आसपास गंदगी न रहे इसका ध्यान रखने और नवनिर्मित भवन का निर्माण ठेकेदार जल्द से जल्द पूरा करे, इसके लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष दिनेश साहू, नगर पंचायत उपाध्यक्ष रामनारायण दुबे, राजेंद्र जायसवाल, दिनेश बारी व बीएमओ के अलावा डॉ. पीएस केरकेट्टा, डॉ. ओपी प्रसाद सहित अस्पताल के सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Categorized in: