विधायक ने अधिकारियों को मौके की स्थिति पर नजर रखने के दिए निर्देश

अंबिकापुर। लालमाटी की ओर से शहर के करीब बधियाचुआं ग्राम अंतर्गत जंगल में रविवार की रात लगभग 10.30 बजे 27 हाथियों का दल पहुंचने से गांव में भगदड़ की स्थिति बन गई, ग्रामीण दहशत में आ गए। महिला-पुरुष व बच्चे स्वयं को सुरक्षित रखने घर छोड़कर शहर की ओर भागने लगे। इसकी सूचना मिलते ही अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल ने तत्काल अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए। ग्रामीणों को ठंड में भटकना न पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए शासकीय प्राथमिक शाला बधियाचुआं, ऑक्सीजन पार्क के रेस्ट हाउस व पंचायत भवन में रुकने की व्यवस्था करने के अधिकारियों को विधायक ने निर्देशित किया। ग्रामीणों के लिए भोजन व टेंट की व्यवस्था करने कहा। विधायक के पहल पर पार्षद व भाजपा नेता सिकंदर जायसवाल के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता ग्राम बधियाचुआं पहुंचे और ग्रामीणों का हौसला बढ़ाया। डीएफओ व रेंजर के साथ वन अमला, पुलिस टीम भी रात भर गांव में लोगों के बीच डटे रही। अजय सारथी, रामनिवास गुप्ता, सुरेंद्र टोप्पो, सिंटू सारथी, आकाश गुप्ता, कन्हैया गुप्ता, राजू जायसवाल, शिवमोहन विश्वकर्मा, सुनील यादव, दीपक यादव, छोटे चौधरी, शैलेंद्र कुमार, भारत कश्यप सहित सैकड़ों कार्यकर्ता देर रात तक ग्रामीणों के साथ संपर्क में रहे। वन अधिकारियों से संपर्क नहीं होने के कारण हाथियों की देर शाम तक की स्थिति के बारे में पता नहीं चल पाया है। वन अमला हाथियों की निगरानी में लगा है, वहीं पुलिस टीम भी लोगों को सचेत करने में लगी है। हाथियों का गांव की ओर प्रवेश न हो, इसके प्रयास में वन विभाग की टीम लगी है।

Categorized in: