मैहर मध्य प्रदेश के आरोपी से ठगी की रकम और मोबाइल फोन जब्त की पुलिस

अंबिकापुर। लाटरी लगने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में सरगुजा पुलिस ने एक अंतर्राज्जीय आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की है। आरोपी के कब्जे से एक लाख 80 हजार रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद किया है।
सरगुजा जिला के सीतापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम इमलीटिकरा की सुखमनिया पैकरा पति बालकुमार पैकरा 32 वर्ष ने सीतापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 23 अप्रैल 2023 को किसी अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर जिओ नंबर पर 25 लाख रुपये एवं 01 गाड़ी लॉटरी में लगने की बात कही और उसे झांसे में लेकर अलग-अलग किस्तों में कुल एक लाख 80 हजार रुपये की ठगी कर ली। रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में धारा 420, 34 भादवि, 66 (डी) आईटी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अधीक्षक सरगुजा सुनील शर्मा ने ठगी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश थाना प्रभारी को दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस द्वय सीतापुर राजेंद्र मंडावी व ग्रामीण अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम नेे साइबर सेल से तकनीकी जानकारी प्राप्त कर संयुक्त पुलिस टीम को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करने हेतु सतना मध्यप्रदेश रवाना किया था। पुलिस टीम मामले के आरोपी अनुपम पटेल पिता रामनरेश पटेल 24 वर्ष निवासी मरकरा थाना रामनगर जिला मैहर मध्यप्रदेश ने ठगी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से ठगी गई रकम एवं घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 41 (ए) सीआरपीसी के निहित प्रावधानों के अनुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी सिंह, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक पांडेय, आरक्षक मंटू गुप्ता, अनुज जायसवाल, पंकज देवांगन शामिल रहे।

Categorized in: