पुलिस टीम ने राजस्थान जाकर तीन आरोपियों को कब्जे में लिया

अंबिकापुर। पार्ट टाइम ऑनलाइन जॉब दिलाने के नाम पर झांसे में लेकर लगभग तीन लाख रुपये की ठगी करने के मामले में सरगुजा पुलिस ने तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 65 हजार रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त 04 मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद किया गया है। घटना के सभी आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं, जो कमीशन के लालच में आकर घटना को अंजाम देते आ रहे थे।

 


सुभाषनगर गांधीनगर के रवि रंजन प्रकाश पिता शिवेश्वर प्रसाद सिन्हा 42 वर्ष ने 04 नवंबर 2023 को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि 25 अक्टूबर 2023 को अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सअप कॉल कर पार्ट टाइम ऑनलाइन जॉब दिलाने के नाम पर झांसे में लिया और अलग-अलग किस्तों में दो लाख 98 हजार 900 रुपये की ठगी कर ली। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 420 भादवि, 66(डी) आईटी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में आरोपियों की तलाश शुरू हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्य एकत्रित करके अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए राजस्थान रवाना हुई थी। संयुक्त पुलिस टीम ने मामले के संदेहियों को घेराबंदी करके पकड़ा और पूछताछ की तो आरोपी मुकेश कुमार, संदीप कुमार व बलवान सिंह तीनों निवासी राजस्थान ने कमीशन के लालच में ठगी करना स्वीकार किया। आरोपियों के निशानदेही पर 65 हजार रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन पुलिस के हाथ लगे, इसे बरामद कर पुलिस टीम धारा 41 (ए) सीआरपीसी के निहित प्रावधानों के अनुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है। मामले में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक जॉन प्रदीप लकड़ा, थाना प्रभारी सीतापुर निरीक्षक अश्वनी सिंह, उप निरीक्षक अश्वनी दीवान, सहायक उप निरीक्षक केके यादव, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक जयदीप सिंह, सुयश पैकरा, कृष्णा खेस, अशोक यादव, अरविन्द उपाध्याय सक्रिय रहे।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
* मुकेश कुमार भूपेश पिता चन्दगीराम 33 वर्ष, निवासी झेरली थाना पिलानी जिला झुंझुनू राजस्थान।
* संदीप कुमार पिता परमानंद 30 वर्ष, निवासी सुलखानिया बड़ा थाना हमीरवारा जिला चूरू राजस्थान।
* बलवान सिंह पिता जगदीश प्रसाद 44 वर्ष, निवासी हरपालू कुबड़ी थाना हमीरवारा जिला चूरू राजस्थान।

Categorized in: