जिले के 31,662 किसानों के खाते में आए 60.67 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी हुई पूरी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बोनस राशि का किया अंतरण, पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान रहे उपस्थित

अंबिकापुर। पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर सुशासन दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की किसानों को धान बोनस देने की गारंटी को अमल में लाया गया। सोमवार को सुशासन दिवस पर किसानों को दो साल के बकाया बोनस का भुगतान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किया गया।
मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर जिले भर के किसानों को वर्ष 2014-15 एवं 2015-16 के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जित धान के लंबित बोनस राशि का भुगतान किया। किसानों को 300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बोनस का वितरण किया गया। सरगुजा जिले के 31,662 किसानों के खाते में कुल 6067.76 लाख रुपये बोनस राशि का भुगतान किया गया, जिसमें खरीफ विपणन वर्ष 2014-15 में 15624 किसानों द्वारा 915185.90 क्विंटल धान बेचा गया था। इसकी बोनस राशि 2745.56 लाख रुपये एवं 2015-16 में 16038 किसानों द्वारा 1107253 क्विंटल धान बेचा गया था, इसकी बोनस राशि 3321.76 लाख रुपये का वितरण किसानों को किया गया। मुख्यमंत्री ने राज्यभर के जिले से जुड़े किसानों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने धान बोनस वितरण समारोह में जय जवान-जय किसान के नारे के साथ उद्बोधन की शुरुआत की। उन्होंने 25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के निर्माता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस पर सुशासन दिवस और दो साल के धान बोनस वितरण समारोह पर किसानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि आज हमने छत्तीसगढ़ के 12 लाख से ज्यादा किसानों के खाते में 37 सौ 16 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिया है। राज्य के किसानों का विश्वास छत्तीसगढ़ की सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बढ़ा है। हमने किसानों के हित में निर्णय लिया और 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदने का वादा किया, उसे भी हम जल्द पूरा करेंगे। छत्तीसगढ़ सरकार ने 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की व्यवस्था की है, हम किसानों से उनका पूरा धान खरीदेंगे, जरूरत पड़ने पर समय सीमा बढ़ाएंगे। कलेक्टर कुंदन कुमार ने सुशासन दिवस की बधाई दी और कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अंतर्गत धान बोनस वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, इसमें जिले भर के किसानों को बोनस राशि का वितरण किया जा रहा है। इस हेतु उन्होंने प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद दिया, कृषकों को शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने कहा कि अटलजी का जन्मदिवस हम सुशासन दिवस के रूप में मना रहे हैं, इसका अर्थ है योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना। हम सभी इनके मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, नगर निगम आयुक्त अभिषेक कुमार, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा हितग्राही किसान उपस्थित थे। विकासखंड सीतापुर में आईटीआई कॉलेज ग्राउंड आमाटोली और बतौली में धान उपार्जन केन्द्र बिलासपुर में कार्यक्रम आयोजित किया किया गया। विकासखंड लुण्ड्रा, मैनपाट, लखनपुर और उदयपुर में जनपद पंचायत सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सभी विकासखंड में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से धान बोनस वितरण कार्यक्रम में अधिकारी-कर्मचारी जुड़े रहे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में हुआ
कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ब्लॉक एवं समिति स्तर पर आयोजित किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में हुआ। अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल ने किसानों को शुभकामनाएं प्रेषित की तथा प्रमाण पत्र वितरित किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य उन्हीं की देन है। सुशासन दिवस का उद्देश्य समाज में पारदर्शी प्रशासन स्थापित करना, देश में विकास को बढ़ाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के घोषणा अनुसार किसान भाइयों को धान बोनस दिए जाने पर बधाई दी और कहा अब प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा।
किसानों ने प्रधानमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया
ग्राम कुबेरपुर के किसान घूरसाय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पूरी हुई है। दो साल का बोनस मिल रहा है, इससे हम खुश हैं। ग्राम थोर के किसान दिलीप ने प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि मोदी की गारंटी में जो दो साल का बोनस मिल रहा है, उससे आर्थिक मदद मिलेगी। मोदी की गारंटी पूरी हो रही है। सुंदरपुर के किसान गोवर्धन राम, साधुराम, ग्राम इंदरपुर मेंड्राकला के किसान आश्रम यादव, ग्राम मटकी के किसान पनवेश्वर, ग्राम सरगवां के किसान देवेश मिश्रा सहित अन्य किसानों ने भी प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

Categorized in: