चार गिरफ्तार आरोपियों से आठ दोपहिया बरामद करने में पुलिस टीम को मिली सफलता

अंबिकापुर। दुपहिया वाहन चोरी के मामले में सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय आरोपी सहित 04 लोगों को गिरफ्तार किया है। गांधीनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शहर से चोरी गई आठ दुपहिया वाहन बरामद किया है। इसकी कुल कीमत लगभग आठ लाख रुपये है। सिहोर मध्यप्रदेश निवासी गिरफ्तार आरोपी राहुल पूर्व में धोखाधड़ी के मामलो में जेल जा चुका है। पुलिस ने गांधीनगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई 02 मोटरसाइकिल, थाना अंबिकापुर क्षेत्र से चोरी किए गए 03 मोटरसाइकिल एवं थाना मणीपुर थाना क्षेत्र से चोरी गई तीन मोटरसाइकिल बरामद किया है।
पुलिस ने बताया शुभम शर्मा निवासी ठनगनपारा स्कूल रोड अंबिकापुर ने थाना गांधीनगर में 26 नवंबर को पीजी कॉलेज स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड के बाहर से होंडा ड्रीम युगा मोटरसाइकिल चोरी होने की जानकारी दी थी। जब वह खेलकर वापस लौटा तो मोटरसाइकिल नहीं थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 379 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अंकित गर्ग व पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने दुपहिया वाहन चोरी के मामले में विशेष टीम का गठन कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में गांधीनगर थाना की पुलिस साइबर सेल से तकनीकी जानकारी प्राप्त कर चोरों की जानकारी हासिल कर रही थी। मुखबिरों को सतर्क किया गया था। पुलिस टीम आसपास के क्षेेत्रों में संदिग्धों पर लगातार नजर रख रही थी। इसी दौरान गांधीनगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सिहोर मध्यप्रदेश निवासी राहुल विश्वकर्मा शहर के अलग-अलग क्षेेत्रों में घर बदल-बदल कर निवास कर रहा है। इसकी गतिविधि को संदिग्ध बताया गया था। वहीं मोटरसाइकिल चोरी करने के लिए आस-पास के लड़कों का साथ लेने जैसी पुष्ट बातें सामने आई थी। पुलिस टीम संदिग्ध को घेराबंदी करके पकड़ी और पूछताछ की तो राहुल विश्वकर्मा पिता शांतिलाल विश्वकर्मा 26 वर्ष निवासी बरछापुर सिहोर मध्यप्रदेश, हाल-मुकाम कृष्णानगर कॉलोनी भगवानपुर, थाना गांधीनगर ने अपने साथियों के सहयोग से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर दीगर राज्य मध्यप्रदेश में बेचना बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल  सोनू किर्तनिया आत्मज सोना किर्तनिया 24 वर्ष निवासी डिगमा थाना गांधीनगर, मनबोध राम उर्फ एलेक्स पैकरा पिता  कलम राम 24 वर्ष निवासी बफौली थाना अंबिकापुर हाल-मुकाम बाबरा पेट्रोल पंप के पास नमनाकला, गोपी विश्वास पिता निताई विश्वास 35 वर्ष निवासी सिलफिली थाना जयनगर हाल-मुकाम बौरीपारा को घेराबंदी करके पकड़ा। इनके निशानदेही पर कुल 08 मोटरसाइकिल बरामद किए गए हैं। सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक जॉन प्रदीप लकड़ा, सहायक उप निरीक्षक विनय सिंह, सहायक उप निरीक्षक अनिल सिंह, प्रधान आरक्षक गणेश कदम्ब, महिला आरक्षक त्रिलोचनी राजवाड़े, स्मिता रागिनी, आरक्षक उमाशंकर साहू, देवेन्द्र पाठक, अरविन्द उपाध्याय, ऋषभ सिंह, घनश्याम देवांगन, श्यामलाल, अशोक, अनुज जायसवाल, विरेन्द्र पैकरा शामिल रहे।

Categorized in: