अंबिकापुर। स्कूली बच्चों को मैनपाट भ्रमण कराने के लिए आई स्कूल बस का स्टेयरिंग फेल होने से बस अनियंत्रित होकर ढलान से खाई में जाकर पेड़ से अटक गई। दुर्घटना में दो बच्चों का पैर टूट गया है। वाहन में सवार अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई है। सभी घायल बच्चों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, यहां जिला कलेक्टर के निर्देश पर चिकित्सकों की टीम के देखरेख में इनका उपचार चल रहा है। तीन बसों में 84 बच्चे और 16 शिक्षक व स्टॉफ सवार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ के धमतरी अंतर्गत विकासखंड मगरलोड स्थित द्रोणाचार्य स्कूल के बच्चे तीन स्कूल बसों में मैनपाट घूमने के लिए आए थे। सोमवार की शाम को सभी बच्चे मैनपाट से वापस अंबिकापुर की ओर आ रहे थे। मैनपाट में कालीघाट के पास बस क्रमांक सीजी 23-7622 का चालक नियंत्रण खो दिया और बस खाई में गिर गई। बस में स्कूल के स्टाफ के अलावा 30 बच्चे सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर बच्चों की चीख-पुकार सुनने को मिल रही थी। दुर्घटना की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बस में सवार बच्चों को निकालकर इन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। सूचना को कलेक्टर सरगुजा कुंदन कुमार ने गंभीरता से लिया और घायल बच्चों को त्वरित उपचार सुविधा मिल सके, इसके निर्देश अस्पताल प्रबंधन को दिए। बस में सवार 15 से अधिक बच्चों को चोटें आई हैं, वहीं दो बच्चों का पैर टूट गया है।

Categorized in: