(पृथ्वी लाल केशरी)
रामानुजगंज –  नगर में सूर्योपासना का महापर्व छठ पूजा धुमधाम से मनाने की परंपरा रही है। इस वर्ष भी कन्हर नदी तट पर स्थित छठ घाट राम मंदिर,महामाया मंदिर एवं शिव मंदिर घाट को नगर पंचायत द्वारा साफ सफाई करते हुए तैयारी पूर्ण कर ली गई है। साथ ही राम मंदिर घाट में नवयुवक संघ दुर्गा पूजा कमेटी पीपल चौक के द्वारा विशेष साज सजावट के साथ लगने वाले वृहद मेला की तैयारी भी पूर्ण कर ली गई है।
               शनिवार को खरना के दिन डूबते सूर्य को अर्ध्य देने के साथ ही 36 घण्टे का उपवास शुरू हो गया जो सोमवार को उगते सूर्य को अर्ध्य देने के बाद पूजन हवन करते हुए व्रतियों के द्वारा उपवास समाप्त किया जाएगा। नहाय खाय से शुरू हुए तीन दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व की तैयारी हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर वासियों के द्वारा दिपावली के पूर्व से ही नदी के रेत में अपने-अपने जगह को घेर कर थाला बनाने से शुरू कर दी जाती है। पिछले कई वर्षों से नदी में छठ पर्व मनाने के लिए नदी के तट पर रेत वाले जगह पर नगर पंचायत को बहुत मेहनत करना पड़ता था तब तैयार होता था छठ घाट। इस वर्ष नदी में ऊपर पानी टंकी से लेकर नीचे एनीकट तक पूरी तरह साफ सुथरा बालू दिखाई देने से लोगों को ज्यादा सुविधा मिल गया है जिससे नगरवासी काफी प्रसन्न है। साथ ही दुकानदारों को मेला लगाने के लिए भी पर्याप्त जगह इस वर्ष मिल जाने से वह भी एक-दो दिनों पूर्व से ही अपने-अपने सामान को रखकर दुकान लगाने की तैयारी कर चुके हैं।
आकर्षक रहेगा इस बार का छठ घाट मेला
 कई वर्षों के बाद इस बार नदी में ऊपर से लेकर नीचे तक साफ सुथरा बालू दिखाई देने से एवं नदी में पानी का धार ज्यादातर झारखंड के ग्राम गोदरमाना के तरफ होने के कारण इस बार छठ व्रत के लिए दोनों तरफ पर्याप्त स्थान मिल जाने से विशेष साज सज्जा होने के कारण रात का नजारा काफी आकर्षक रहने की सम्भावना है।
नदी में स्थापित होता है सात घोड़े पर सवार सूर्यदेव की प्रतिमा
दुर्गा पूजा कमेटी पीपल चौक के द्वारा पिछले कई वर्षों से नदी के बीच में सात घोड़े पर सवार सूर्य देव की सुन्दर प्रतिमा स्थापित की जाती है जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद होता है।
नदी के बीच मे प्रोजेक्टर पर देख सकेंगे फाईनल मैच
इन दिनों पूरे देश में क्रिकेट का बुखार सभी के दिलों दिमाग पर छाया हुआ है। छठ महापर्व के दिन ही विश्व कप क्रिकेट का फाइनल मैच होना है इसको ध्यान में रखते हुए कमेटी के द्वारा राम मंदिर घाट के पास लगने वाले मेले में नदी के बीच में बड़ा सा प्रोजेक्टर लगाकर फाइनल मैच का सीधा प्रसारण दिखाने की योजना भी बनाई गई है जिससे लोग मेले का लुत्फ उठाते हुए मैच का आनंद भी उठा सकेंगे।

Categorized in: