हिमाचल प्रदेश में बीते 72 घंटों से बारिश ने तबाही मचा रखी है। सूबे में बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं के कारण भारी नुकसान हुआ है। राज्य में चार राष्ट्रीय राजमार्ग और करीब 857 सड़कें घंसने अथवा मलबा गिरने की वजह से बंद हैं। जगह-जगह भूस्खलन और बाढ़ की खबरें आ रही हैं। इससे विद्यार्थियों की परेशानियों को देखते हुए सुक्खू सरकार ने 16 अगस्त यानी बुधवार को प्रदेश के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों-कॉलेजों को बंद रखने का ऐलान किया है। इस बारे में सचिव शिक्षा अभिषेक जैन की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।

हिमाचल प्रदेश के शिमला में क्षतिग्रस्त शिव मंदिर के मलबे में से मंगलवार को एक और व्यक्ति का शव बरामद होने और कृष्णा नगर इलाके में शाम को भूस्खलन के कारण दो लोगों की मौत के बाद राज्य में बारिश के कारण हुई घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है। कृष्णानगर इलाके में भूस्खलन के बाद कम से कम आठ घर ढह गए और एक बूचड़खाना मलबे में दब गया। शिमला में सोमवार से अब तक कुल 19 शव बरामद किए गए हैं, जिनमें से 12 समर हिल में शिव मंदिर स्थल से, पांच फागली में और दो कृष्णानगर में बरामद किए गए हैं।

Categorized in: