समाज विशेष के लोगों ने बृहस्पति सिंह वापस जाओ…मुर्दाबाद के नारे लगाए

माहौल बिगड़ते देख मंच पर विराजे विधायक खिसक लिए

अंबिकापुर। रामानुजगंज विधायक बृहस्पति सिंह को मुस्लिम समाज के लोगों ने मोहर्रम के पहलाम के दिन होने वाले मिलन कार्यक्रम से बहिष्कृत कर दिया और बृहस्पति सिंह वापस जाओ…मुर्दाबाद का नारे लगे। बताया जा रहा है कि दसवीं मोहर्रम के दिन आस-पास के मुस्लिम समाज के लोग ताजिया एवं झंडा लेकर एक निश्चित स्थान पर एकत्र होकर मिलन करते हैं। तरह-तरह के खेल का प्रदर्शन होता है। इसी कड़ी में जनपद पंचायत रामचंद्रपुर के  ग्राम पंचायत विजयनगर, चुमरा, मेघुली, गम्हरिया, विधायक के निवास ग्राम महावीरगंज सहित आस-पास के गांव के मुस्लिम समाज के लोग विजयनगर रोड में स्थित महुआ नामक स्थान पर एकत्र होकर कार्यक्रम कर रहे थे। विधायक के कुछ करीबी कार्यकर्ताओं ने बतौर मुख्यातिथि रामानुजगंज क्षेत्र के विधायक बृहस्पति सिंह को आमंत्रित कर दिया, इसकी जानकारी किसी भी पंचायत व समाज के वरिष्ठ या मोहर्रम समिति के पदाधिकारियों को नहीं थी। मिलन स्थल पर मुस्लिम समाज के लोग डीजे साउंड पर मातम मनाते हुए खेल प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच विधायक बृहस्पति सिंह मंच पर आकर बैठ गए और उनके करीबी कार्यकर्ता माल्यार्पण कर कार्यक्रम प्रारंभ कर दिए, डीजे को बंद करा दिया, जिससे समाज विशेष के लोग नाराज हो गए। सामाजिक कार्यक्रम में विधायक बृहस्पति सिंह को मुख्यातिथि बनाकर आखिर किसने बुलाया, इसे लेकर सवाल उठने लगा। कहना था कि सामाजिक कार्यक्रम किसी नेता को माल्यार्पण करने के लिए नहीं है। चूंकि समाज के किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति द्वारा उन्हें आमंत्रित नहीं किया गया था, इसलिए पूरे समाज में विधायक के आने से रोष व्याप्त था। इधर विधायक जैसे ही मंच पर बैठे, नीचे बृहस्पति सिंह मुर्दाबाद, बृहस्पति वापस जाओ का नारा गूंजने लगा। व्यापक पैमाने पर सामाजिक विरोध को इतने करीब से देखकर विधायक हक्का-बक्का रह गए। मामले को तूल पकड़ता देख वे आनन-फानन में वहां से भाग निकलने में ही अपनी भलाई समझे। इनके जाने के बाद भी मुस्लिम समाज का विरोध चरम पर था। समाज के सैकड़ों लोगों द्वारा किए गए इस विरोध के बाद किसी भी पंचायत के सामाजिक प्रमुख या मोहर्रम समिति के पदाधिकारी ने विधायक को आमंत्रित करने की स्वीकारोक्ति नहीं की। सभी ने एक स्वर में कहा कि सामाजिक कार्यक्रम में विधायक को किसने आमंत्रित किया, किसके कहने पर विधायक यहां आए यह समझ से परे है।

 

 

पहली बार किसी विधायक को झेलना पड़ा व्यापक आक्रोश
रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र में पहली बार ऐसी घटना हुई, जब कांग्रेस के किसी विधायक को मुस्लिम समाज के व्यापक विरोध का सामना करना पड़ा हो। विजयनगर, चुमरा, गम्हरिया, महावीरगंज, मेघुली को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है, ऐसे में कांग्रेस का कैडर माने जाने वाले मुस्लिम समाज द्वारा इस प्रकार का विरोध प्रदर्शन कई सवालों को जन्म दे रहा है। विरोध प्रदर्शन का एक प्रमुख कारण विधायक द्वारा चार वर्ष से मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में किए गए कई लोक लुभावन वायदों का पूरा नहीं होना भी माना जा रहा है। यह भी कहना है कि विधायक को किसी सामाजिक प्रमुख के द्वारा आमंत्रित नहीं किया गया था, फिर भी वे सामाजिक कार्यक्रम में राजनीति चमकाने पहुंच गए, इसे भी विरोध का अहम कारण माना जा रहा है।

Categorized in: