प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे विनीत सिंह की पिटाई करने के बाद सिपाहियों ने उसकी चेन भी छीन ली थी। इस बारे में जब उसने रात ही में मानकनगर इंस्पेक्टर से शिकायत की तो उन्होंने थाने से जाने को कह दिया था। यह आरोप पीड़ित विनीत सिंह की तहरीर पर तीनों सिपाहियों के खिलाफ मारपीट व लूट की धाराओं में एफआईआर में लगाए गए हैं। इस पूरे प्रकरण में इंस्पेक्टर और एक अन्य सिपाही की भूमिका की भी जांच की जा रही है। डीसीपी के आदेश पर यह जांच एसीपी काकोारी अनूप सिंह कर रहे हैं। वहीं विनीत ने कहा कि आईपीएस दोस्त नहीं होता तो पुलिस वाले स्मैक तस्कर बना देते।

इंदिरा नगर निवासी विनीत सिंह को 17 जुलाई की रात अवध चौराहे पर मानकनगर थाने के हेड कांस्टेबिल गजेन्द्र सिंह, सिपाही अनमोल मिश्र समेत तीन पुलिसकर्मियों ने पीटा था। फिर उस पर स्मैक तस्करी का आरोप लगाकर थाने के अंदर काफी प्रताड़ित किया था। उसका मोबाइल व चेन छीन ली थी। काफी देर बाद मोबाइल लौटा दिया था जिससे ही उसने अपने आईपीएस मित्र को फोन कर इन सिपाहियों की करतूत बतायी थी। इन आईपीएस अधिकारी ने एसीपी काकोरी को बताया जिसके बाद ही तीनों सिपाही विनीत से माफी मांगने लगे थे। डीसीपी ने यह मामला संज्ञान में आने पर दो सिपाहियों अनमोल व गजेन्द्र को निलम्बित कर दिया था।

चेन छीन ली थी सिपाही ने
मूल रूप से बाराबंकी निवासी विनीत ने एसीपी से बताया कि घटना के दिन गजेन्द्र ने उनकी 10 ग्राम की सोने की चेन भी छीन ली थी। रात को उसने और वहां आयी उसकी बहन ने इंस्पेक्टर से मोबाइल के साथ चेन भी दिलवाने को कहा तो इंस्पेक्टर ने इस बारे में सिपाहियों से भी नहीं पूछा और कहा कि मोबाइल मिल गया, अब यहां से जाओ…। विनीत ने बुधवार को थाने में जब तहरीर दी तो उसमें चेन लूट का भी जिक्र किया। बताया जाता है कि पुलिस अफसरों ने इस लाइन को हटाने के लिये कहा था लेकिन वह नहीं माना।

शिनाख्त परेड होगी सिपाहियों की
विनीत ने बताया कि दो सिपाहियों ने नेम प्लेट लगा रखी थी। तीसरे सिपाही की शर्ट पर नेम प्लेट नहीं थी। इस वजह से ही वह तीसरे सिपाही का नाम नहीं बता पा रहा है। उसने यह कहा कि वह सामने आने पर सिपाही को पहचान लेगा। अब जल्दी ही मानकनगर थाने के पुलिसकर्मियों की उसके सामने शिनाख्त परेड करायी जायेगी। हालांकि तीसरे सिपाही का नाम अरविन्द बताया जा रहा है। एसीपी अनूप कुमार का कहना है कि पीड़ित के हर आरोप की जांच की जा रही है। दोषी मिलने वाले सिपाहियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

इंस्पेक्टर को क्यों बचा रहे अफसर

लखनऊ। विनीत और उसकी बहन ने सिपाहियों के साथ ही इंस्पेक्टर पर भी मनमानी व उनकी मदद न करने का आरोप लगाया है। चेन लूट की शिकायत पर इंस्पेक्टर ने विनीत को थाने से जाने को कह दिया था। इंस्पेक्टर पर कई आरोप लगने के बाद भी उनके खिलाफ कार्रवाई न होने पर सवाल उठ रहे हैं। इस बारे में पुलिस अधिकारी सिर्फ इतना ही कह रहे हैं कि जांच की जा रही है।

Categorized in: