आरोपी 24 घंटे के अंदर पहुंचे हवालात, आरोपियों से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, दोपहिया वाहन, प्रार्थी से लूटा गया दो मोबाइल, नगद 35 हजार बरामद

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना पुलिस ने टमाटर व्यवसायी से 80 हजार रुपये व दो मोबाइल लूटने वाले आरोपियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों से पुलिस ने लूटी गई मोबाइल, दोपहिया वाहन व प्रार्थी से लूटा गया दो मोबाइल, नगद 35 हजार रुपये बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मयूरनाचा के त्रिलोचन यादव पिता चैतन यादव 46 वर्ष ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह टमाटर खरीद-बिक्री का काम करता है। पांच जुलाई को अज्ञात व्यक्ति ने उसके मोबाइल नंबर पर फोन करके अपना नाम रमेश बताया और व्हाट्सअप मे टमाटर बिक्री करने हेतु सैंपल दिखाकर सौदा करने पिकअप लेकर बलसेड़ी आने कहा। छह जुलाई को वह पिकअप लेकर ग्राम बलसेड़ी गया। पिकअप वाहन में साथ बैठकर वह खेत की तरफ चलने के लिए कहा, उसका साथी पीछे मोटरसाइकिल से आ रहा था। उक्त व्यक्ति बीच रास्ते मे प्रार्थी के पिकअप वाहन को रुकवाया और दोनों मिलकर त्रिलोचन के बैग में रखे 80 हजार रुपये नगद वा 02 नग मोबाइल लूट लिए और उसका सिम निकालकर मौके से भाग गए। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 392, 34 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया था। विवेचना के दौरान आरोपियों के संबंध में तकनीकी जानकारी प्राप्त कर इन्हें पुलिस ने तलाशा और आरोपी दुर्गेश यादव पिता अवधेश यादव 23 वर्ष निवासी गणेशपुर सिलफिली एवं पारस यादव पिता रूद्र यादव 32 वर्ष निवासी लटोरी जिला सूरजपुर की घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने टमाटर व्यवसायी से सौदा करने की बात कहकर 80 हजार रुपये नगद व मोबाइल की लूट करना स्वीकार किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक शुभम तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अलंगो दास, आरक्षक अजय मिश्रा, पवन यादव ऋषभ सिंह शामिल रहे।

Categorized in: