आयोग के सदस्य पहुंचेंगे घटनास्थल, आयोग के सचिव ने एसपी सरगुजा को लिखा पत्र

अंबिकापुर। केंद्रीय जेल अंबिकापुर में महिला कैदियों के साथ अमानवीय व्यवहार का महिला जेलर व मुख्य प्रहरी पर आरोप लगा था, जिसे संज्ञान में लेते हुए छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने मामले की घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करने के लिए आयोग की दो सदस्यीय टीम का गठन किया है, जिसमें नीता विश्वकर्मा एवं अर्चना उपाध्याय के साथ पुलिस अधीक्षक सरगुजा शामिल हैं। इन्हें सात दिवस के अंदर जांच करके रिपोर्ट आयोग को प्रेषित करने कहा गया है।

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने प्रकरण को संज्ञान में लेने के साथ ही पुलिस महानिरीक्षक से फोन पर वार्तालाप किया। महिला आयोग की सदस्य आज 28 जून को कंेद्रीय जेल जाकर जांच करेंगी और वहां उपस्थित महिला कैदियों से बातचीत करके सारे प्रकरण की जानकारी लेंगी। आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा है कि यदि ऐसी घटना वास्तव में हुई है तो आयोग इस पर सख्त कार्रवाई करेगा। हालांकि सूत्र ऐसे किसी घटनाक्रम के जेल के अंदर होने को नकार रहे हैं। कहना है कि जिन पर ऐसा आरोप लगाया गया है, वे इस प्रकार का कृत्य नहीं कर सकते। बहरहाल जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वास्तविकता क्या है।

Categorized in: