39.385 किमी रेललाइन के दोहरीकरण हेतु निविदा जारी

अंबिकापुर। ट्रेनों की लेट-लतीफी को दूर करने की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के तहत कई स्टेशनों तक रेल लाइनों के दोहरी व तिहरीकरण का कार्य कराया जा रहा है, इसी के तहत अब रेल्वे ने बैकुंठपुर से सूरजपुर स्टेशन तक भी रेल लाइन के दोहरीकरण को मंजूरी देते हुए इसके लिए निविदा जारी कर दी है।
गर्मी के समय में विद्युत की खपत बढऩे से विद्युत की मांग को पूरा करने के लिए ताप विद्युत परियोजनाओं को पर्याप्त कोयला आपूर्ति करने हेतु लगातार कोयले की ढुलाई होने से कई ट्रेनों के परिचालन में देरी होती है। वर्तमान में देश में कई ट्रेनें ऐसी हैं जो कि 4 से 8 घंटे तक लेट चल रही हैं। इस समस्या का एक बड़ा कारण कई स्थानों पर मालगाडिय़ों व यात्री गाडिय़ों के लिए पृथक ट्रेक नहीं होने से मालगाड़ी को पहले पास देना है। इसी को ध्यान में रखकर पूरे देश में मालगाडिय़ों के लिए मुख्य शहरों के बीच अलग से रेलवे लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है, जिसे फ्राइट कारीडोर का नाम दिया गया है। सरगुजा संभाग में भी कोयले की कई खदानें हैं, जहां से कोयले की आपूर्ति के लिए लगातार मालगाडिय़ों को चलाया जा रहा है, जिसके कारण यहां यात्री गाडिय़ों की लेट-लतीफी रोज की समस्या बन गई है। अब रेलवे द्वारा यहां पर भी चरणबद्ध तरीके से रेलवे लाइन का दोहरीकरण करने की तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। इसके तहत बैकुंठपुर रोड स्टेशन से सूरजपुर रोड स्टेशन तक 39.385 किलोमीटर की रेललाइन के दोहरीकरण हेतु दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने निविदा जारी की है। दोहरीकरण कार्य की लागत 485.78 करोड़ रुपये अनुमानित है। इस कार्य को पूरा करने के लिए रेलवे ने दो साल का लक्ष्य रखा है। ऐसे में अगर सब कुछ सही चला तो दो साल बाद दोहरीकरण के पूरा होने पर सरगुजा संभाग में ट्रेनों के परिचालन में काफी बदलाव आने की संभावना है, जिससे यहां लोगों को लाभ होगा।

Categorized in: