मिलावटी शराब बिक्री से आक्रोशित लोगों ने हल्ला बोला, नकली शराब बेचना बंद करो के लगे नारे

अंबिकापुर। शहर के शासकीय अंग्रेजी शराब दुकानों से अकसर मिलावटी शराब बेचने जैसी बातें सामने आती हैं। पूर्व में इसे लेकर कार्रवाई भी हुई है, कुछ जेल भी गए हैं, लेकिन मिलावट खोरी का धंधा चरम पर चल रहा है। इसे लेकर आक्रोश सामने आने लगा है। शराब के शौकीन महंगी शराब लेने के बाद भी नशा नहीं चढऩे से आक्रोशित होकर अब खुलकर सामने आने लगे हैं। इनका आक्रोश आबकारी अमले के प्रति भी है, जो अपने ही अंग को काबू करने में नकारा साबित हो रहा है।
शनिवार को गाड़ाघाट स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में मिलावटी शराब बेचे जाने का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा मचाया और जमकर नारेबाजी करते हुए शराब दुकान का शटर गिरा दिया। इनका आरोप था कि शराब दुकान के भीतर मिलावट की जा रही है और मिलावटी शराब बेचा जा रहा है। इसकी सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम व आबकारी के अधिकारी पहुंचे, उन्होंने सभी बिंदुओं की जांच की है। यह अफवाह है या असल में शराब में मिलावट का खेल चल रहा है, इसे आबकारी अमले व प्रशासन को स्पष्ट रूप से सामने लाना चाहिए। हालांकि पहले भी मिलावटी शराब की बिक्री जैसे आरोप लग चुके हैं। ये आरोप मनगढ़ंत नहीं थे बल्कि इसकी पुष्टि रि-पैकिंग करने रखी गई शीशी व पैकिंग के रेपर से हुई थी। इस मामले में पूर्व में कुछ लोगों पर कार्रवाई भी छापामार टीम ने की थी। इसके बाद उम्मीद थी कि मिलावटी शराब लोगों को नहीं मिलेगी। शराब के शौकीनों का कहना है अब तो आलम यह है कि एक पाव की जगह अद्धी भी उनकी इच्छापूर्ति नहीं कर पा रही है। शराब दुकान का सुपरविजन करने वाले इन बातों को निराधार बताते हुए कहते हैं कि दुकान में किसी प्रकार का मिलावट शराब में नहीं किया जाता है। पैक शीशी ही ग्राहकों को उपलब्ध कराई जाती है।

Categorized in: