छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। होलीक्रॉस हॉस्पिटल में नवीन पुलिस चौकी व उन्नयित मणिपुर थाना का औपचारिक उद्घाटन शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में हुआ। इससे शहर के बढ़ते दायरे के साथ पुलिस की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने एवं रिस्पांस टाइम कम करने में मदद मिलेगी। होलीक्रॉस अस्पताल प्रबंधन द्वारा अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी शुभारंभ करने की नई पहल के लिए पुलिस एवं जिला प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।
मैनपाट महोत्सव के दौरान सरगुजा जिले के होलीक्रॉस अस्पताल में नवीन पुलिस चौकी एवं मणिपुर चौकी का थाना में उन्नयन जिले के प्रभारी मंत्री शिव कुमार डहरिया ने किया था। इसी क्रम में शुक्रवार, 17 फरवरी को पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में नए होलीक्रॉस अस्पताल परिसर में निर्मित पुलिस चौकी एवं मणिपुर चौकी का थाना में उन्नयन फीता काटकर औपचारिक रूप से किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज ने अपने उद्बोधन में कहा कि लोगों को पुलिसिंग की बेहतर सुविधा मिले, इसके लिए शासन की ओर से होलीक्रॉस हॉस्पिटल में नया पुलिस चौकी खोला गया है एवं मणिपुर चौकी का थाना में उन्नयन किया गया हैं। लोगों को अपनी समस्याओं को रखने के लिए अब दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। प्रशासन व पुलिस जनता के पास पहुंच रही है। प्रत्येक गांव में बीट सिस्टम अनुसार पुलिस स्टाफ को चिन्हित कर व्हाट्सएप्प ग्रुप से जोड़ा जा रहा है, जिससे जनता व पुलिस के बीच की दूरियां कम हो रही हैं। प्रत्येक गांव का बीट प्रभारी उस गांव के लिए थाने के प्रतिनिधि के रूप मे काम करेगा। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज ने मैनपाट महोत्सव में सरगुजा पुलिस एवं प्रशासन के आपसी तालमेल की तारीफ करते हुए कहा कि बेहतर तालमेल हो तो सरगुजा जिले की तरह सभी जगह पर शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो सकेगा। पुलिस महानिरीक्षक ने आशा व्यक्त की, कि नए पुलिस चौकी एवं थाना के बनने से अपराध में कमी आएगी और समस्याओं का जल्द निराकरण होगा। कलेक्टर सरगुजा कुंदन कुमार ने कहा कि मणिपुर चौकी के थाना में उन्नयन होने से लोगों को जल्द रिस्पांस मिलेगा। दूरस्थ थाना में नहीं जाना पड़ेगा। अंबिकापुर बढ़ता हुआ व संवेदनशील शहर है। मैनपाट महोत्सव में लगातार सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटी करने के साथ-साथ इतने कम समय में थाना एवं चौकी का उद्घाटन करने के लिए उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कलेक्टर ने सभी पत्रकारों को मैनपाट महोत्सव में सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार संवेदनशील अपराध संभावित क्षेेत्र में सुरक्षा एवं क़ानून व्यवस्था का पालन कराने समय-समय पर चौकी एवं थाने का सेटअप प्रदान किया जाता है। इसी क्रम में सरगुजा पुलिस ने होलीक्रॉस हॉस्पिटल में पुलिस चौकी एवं मणिपुर चौकी का थाने में उन्नयन किया है, जिसकी औपचारिक शुरुआत की जा रही है। नये सेटअप से जनता को लाभ प्राप्त होगा। अपराधों का निराकरण, प्रभावी नियंत्रण होगा। समस्यायों का जल्द निवारण करने में मदद मिलेगी। पुलिस अधीक्षक ने कलेक्टर का पुलिस विभाग को हरसंभव मदद करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया, साथ ही भूमि आबंटन के बाद नए पुलिस थाना भवन निर्माण करने की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने जनता एवं पुलिस के आपसी सहयोग से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ग्रामीण अखिलेश कौशिक, रक्षित निरीक्षक जयराम चेरमाको, थाना प्रभारी कोतवाली उपनिरीक्षक रुपेश नारंग, थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक सरफराज फिरदौसी, चौकी प्रभारी होलीक्रॉस हॉस्पिटल सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह, रीडर अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक (एम) विवेक शुक्ला सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मणिपुर थानांतर्गत आएंगे 17 गांव
मणिपुर थाना अंतर्गत 17 गांव व नगर निगम अंबिकापुर के पांच वार्ड तथा होलीक्रॉस हॉस्पिटल चौकी में होलीक्रॉस अस्पताल, होलीक्रॉस अस्पताल से मिशन चौक तक, होलीक्रॉस अस्पताल से नाइट क्लब चौक तक व होलीक्रॉस अस्पताल से घासीदास वार्ड तक के क्षेत्र आएंगे। पुलिस चौकी में एक प्रभारी, एक प्रधान आरक्षक व तीन आरक्षकों की पदस्थापना की गई है।
प्रशासन कराएगा जमीन चिन्हांकन
कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा मणिपुर पुलिस चौकी का थाना में उन्नयन होने के बाद जवाबदेही बढ़ी है। मणिपुर थाने का बेहतर भवन हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से जमीन चिन्हांकित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा प्रशासन एवं पुलिस सिक्के के दो पहलू हैं, जो साथ में आमजनता के लिए योजनाओं को धरातल पर उतारने में सक्षम हैं।
पुलिस चौकी परिसर में पौधारोपण
पुलिस चौकी के औपचारिक उद्घाटन के बाद पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर सरगुजा व पुलिस अधीक्षक ने हॉस्पिटल चौकी परिसर में पौधारोपण किया। पुलिस महानिरीक्षक ने रोजनामचा में टीप लिखी और थाना एवं चौकी के प्रभारी व सहयोगी प्रधान आरक्षक, आरक्षकों को ईमानदारी के साथ कर्तव्य का निर्वहन कर आमजनता से बेहतर संबंध बनाने के दिशा-निर्देश दिए।

Categorized in: