छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। बतौली पुलिस ने हत्यारोपी पति को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आपसी विवाद के बीच पति ने डंडे से मारकर पत्नी की हत्या कर दी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया है।
पुलिस ने बताया बतौली के महेंद्र मझवार ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 15 फरवरी को रामाशंकर की पत्नी देवंती उसकी पत्नी के साथ घर में सोई थी। बाद में रामाशंकर उसके घर में आया और दोनों पति-पत्नी के बीच घर की चाबी को लेकर लड़ाई-झगड़ा होने लगा। महेंद्र ने बताया उसकी पत्नी ने मारपीट करने से मना किया लेकिन रामाशंकर नहीं माना। बाद में उन्होंने देखा कि देवंती परछी में मृत अवस्था में पड़ी हुई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 302 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने आरोपी की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तार करने के दिशा-निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, एसडीओपी सीतापुर ध्रुवेश जायसवाल के नेतृत्व में थाना बतौली के प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद पांडेय द्वारा विशेष टीम गठित कर आरोपी रामाशंकर मझवार को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा जप्त कर आरोपी रामाशंकर मझवार निवासी बतौली को न्यायिक रिमांड पर भेजा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली उनि प्रमोद कुमार पांडेय के साथ उनि प्रमोद कुमार दुबे, सउनि शिवमन कौशिक, पंकज लकड़ा, अशोक भगत, विजय सोनवानी सक्रिय रहे।

Categorized in: