गढ़वा जिले के अलावा चलगली व रामचंद्रपुर पुलिस से कर रहा था लुकाछिपी


न्यायालय ने किया था स्थाई वारंट जारी, चलगली पुलिस फरारी में की थी चालान पेश


अंबिकापुर। विभिन्न थाना क्षेत्रों में नक्सली प्रकरण सहित कई संगीन अपराधों में शामिल छोटा विकास उर्फ गुड्डू को चलगली पुलिस ने गिरफ्तार कर रामानुजगंज न्यायालय में पेश किया है। आरोपी के विरूद्ध द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) रामानुजगंज एवं जूडिशियल मजिस्ट्रेट प्रथम वर्ग रामानुजगंज के द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज रामगोपाल गर्ग व पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मोहित गर्ग के निर्देशन में स्थायी वारंटी की तलाशी व गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर छह फरवरी को संगीन वारदातों के फरार आरोपी के पता-तलाश के लिए रवाना किया था। पुलिस टीम ने सात फरवरी को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
विदित हो कि छोटा विकास उर्फ गुड्डू के विरूद्ध झारखंड राज्य के गढ़वा जिले के थाना क्षेत्र रंका,  धुरकी, बरडीहा तथा चैनपुर में करीब 41 नक्सली प्रकरण दर्ज हैं। इन प्रकरणों के फरार आरोपी के तलाश में उक्त थाना क्षेत्रों के अलावा चलगली, रामचंद्रपुर की पुलिस को तलाश थी, लेकिन आरोपी पुलिस से लुकाछिपी कर रहा था। चलगली पुलिस ने अपराध क्रमांक 45/2003, धारा 120 बी, 109, 114, 115, 116, 117, 145 भादवि तथा थाना रामचंद्रपुर के अपराध क्रमांक 01/2005 धारा 147, 148, 149, 302, 307, 395, 436, 353, 186 भादवि एवं 25, 27 आम्र्स एक्ट, अपराध क्रमांक 05/2007 धारा 147, 178, 149, 506बी, 323, 435 भादवि एवं 25, 27 आम्र्स एक्ट में मामले के आरोपी छोटा विकास उर्फ गुड्डू का फरारी में चालान पेश किया था। स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने में थाना प्रभारी चलगली उपनिरीक्षक केपी सिंह, सउनि नेतराम पैकरा, प्रधान आरक्षक फूलचंद पलांगे व विजय गुप्ता, आरक्षक चमनू राम, कांशी राम भगत व मनबोध मरकाम का सक्रिय योगदान रहा।

Categorized in: