नोटिस जारी करने के बाद भी तीन वर्षों से लाखों बकाया अदा नहीं कर रहे  
अंबिकापुर। नगर पालिक निगम अंबिकापुर द्वारा क्षेत्रांतर्गत सभी भवनों पर संपत्ति, समेकित कर आरोपित किया गया है, इसमें ऐसे भवन स्वामी भी हैं, जिनके द्वारा विगत तीन या उससे अधिक वर्षो से संपत्ति, समेकित कर का भुगतान नहीं किया गया है। बकायादारों की सूची में पहले नंबर पर टिंबर भवन, वन ठेकेदार संघ का नाम है, जिसका उपयोग व्यवसायिक तौर पर भी किया जाता है। इसके बाद भी यहां का पांच लाख 42 हजार 266 रुपये बकाया है। इस सूची में एक लाख से दो लाख के बीच के बकायादारों की संख्या अधिक है। कार्यालय द्वारा इन्हें समय-समय पर बिल नोटिस, डिमांड नोटिस एवं लोक अदालत के माध्यम से भुगतान हेतु सूचना प्रेषित की गई इसके बाद भी भवन स्वामियों के द्वारा संपत्ति, समेकित कर का भुगतान नहीं किया गया। ऐसे भवन स्वामियों के प्रति निगम कड़ा रूख अपनाते हुए इनकी सूची जारी किया है और 11 फरवरी के पूर्व नगर पालिक निगम कार्यालय के राजस्व शाखा में या संबंधित वार्ड प्रभारी से संपर्क कर संपत्ति, समेकित कर का भुगतान करने कहा गया है। साथ ही 11 फरवरी को आयोजित होने वाले लोक अदालत में उपस्थित होकर बकाया करों का भुगतान करने कहा गया है। आयुक्त नपानि ने कहा है कि करों का भुगतान नहीं करने की स्थिति में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Categorized in: