गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। घर से ससुराल जाने निकले युवक को हाथी ने कुचलकर मार दिया, उसकी लाश दो दिन बाद शहर के गाड़ाघाट स्थित बांस बाड़ी में क्षत-विक्षत मिली। युवक अपने एक साथी के साथ स्कूटी से ससुराल जाने 19 जनवरी को निकला था। उसी दिन शहर में हाथी के आने की खबर पर वह वन विभाग के द्वारा की जा रही मुनादी को नजरअंदाज कर उस ओर चला गया, जो हाथी के गमन का मार्ग था। वन विभाग ने मौके की स्थिति देख युवक को हाथी द्वारा मारने की पुष्टि की है।
विदित हो कि 20 जनवरी को शहर में प्रतापपुर की ओर से भटकते एक हाथी शहर में घुस आया था। इसकी भनक लगते ही वन अमला मुस्तैद हो गया था। हाथी फॉरेस्ट कॉलोनी, संजय पार्क व गाड़ा घाट होते हुए तकिया नर्सरी की ओर चला गया था। यहां वन विभाग ड्रोन कैमरे से हाथी की निगरानी में लगा था। इसी बीच शहर के बौरीपारा गाड़ा घाट का प्रकाश केरकेट्टा पिता रामलाल 32 वर्ष, अपने एक दोस्त के साथ स्कूटी से अपने ससुराल कोरबा जिला जाने के लिए निकला था। गाड़ाघाट की ओर हाथी के आने की खबर पर वह रुक गया। वन अमले के द्वारा मुनादी कर सभी को हाथी की ओर नहीं जाने की समझाइश दी जा रही थी, लेकिन प्रकाश बांसबाड़ी की ओर चला गया। इस दौरान हाथी उसे कुचलकर मार डाला। उसकी क्षत-विक्षत लाश 22 जनवरी की सुबह बांसबाड़ी में मिली। इधर स्वजन दो दिन से युवक की तलाश कर रहे थे। मृतक न तो अपने ससुराल पहुंचा था और न ही घर। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला। उसका दोस्त अपने घर पहुंच गया था, उसे भी पता नहीं था कि प्रकाश कहां है। रविवार की सुबह कुछ लोगों ने गाड़ाघाट स्थित बांसबाड़ी में युवक की लाश देख पुलिस व वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को बरामद किया, उसकी पहचान प्रकाश केरकेट्टा के रूप में की गई। वन विभाग ने युवक को हाथी द्वारा मारने की पुष्टि की है।

Categorized in: