प्रेमिका ने पुलिस चौकी पहुंच खोला राज, बताया-रिश्तेदारों व पिता ने की हत्या
आपत्तिजनक अवस्था में युवक को देख दिया घटना को अंजाम
हत्यारोपी युवती के पिता सहित छह लोगों को गिरफ्तार की पुलिस


अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में मकर संक्रांति की रात एक युवक अपने दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद पड़ोस गांव में रहने वाली प्रेमिका के घर गया। युवती के स्वजनों ने उसे आपत्तिजनक हालत में देखा और पहले तो उसकी बेदम पिटाई की फिर युवती के पिता को इसकी जानकारी देकर मौके पर बुलाया। युवती का पिता टांगी लेकर पहुंचा और गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दिया। साक्ष्य छिपाने युवक का शव कुएं में फेंक दिया गया। युवक के स्वजन उसकी खोजबीन में जुटे, इसी बीच 17 जनवरी की रात युवती थाने पहुंच पूरे घटनाक्रम से अवगत कराई। पुलिस ने युवती के पिता सहित छह लोगों को हिरासत में लिया है। मृत युवक का शव कुएं से निकलवाकर पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम लोधी निवासी कुलदीप खैरवार 22 वर्ष दूसरे राज्य में मजदूरी करता था। मकर संक्रांति से एक दिन पहले वह घर पहुंचा था। उसका प्रेम संबंध पड़ोस के गांव की एक युवती से था। मकर संक्रांति की रात दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद वह अपनी प्रेमिका के घर चला गया। युवती के स्वजन घर में नहीं थे। देर रात युवती के रिश्तेदारों ने आपत्तिजनक हालत में उसे देखा और सबने मिलकर बेदम पिटाई कर दी। इसके बाद युवक को उन्होंने अपने कब्जे में रखा था। इसकी जानकारी युवती के पिता को दी गई। आवेशित होकर पहुंचे युवती के पिता ने टांगी से युवक के गर्दन पर वार किया, जिसमें उसकी मौत हो गई। इसके बाद सुनियोजित तरीके से साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से सभी ने मिलकर युवक के शव को उसके गांव लोधी ले जाकर कुएं में फेंक दिया। युवक के घर नहीं पहुंचने से स्वजन परेशान थे लेकिन तीसरे दिन तक उसका पता नहीं चला। मृतक की प्रेमिका इस बीच वाड्रफनगर चौकी पहुंच कर और वारदात से पुलिस को अवगत कराई। पुलिस उसकी बातों को सुनने के बाद तत्परता दिखाते हुए गांव पहुंच कुएं से युवक का शव निकलवाई और युवती के पिता समेत सहित छह रिश्तेदारों को हिरासत में ले लिया। मृत युवक के दोस्त के भी घटनाक्रम में शामिल होने की बात सामने आ रही है, जो उसे साथ लेकर घर से लाया था। पुलिस को उसकी भी तलाश है।

Categorized in: