सामाजिक कार्यकर्ता ने जनचौपाल में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा तो मुस्कुरा उठे अधिकारी    


अंबिकापुर। स्वैच्छिक सेवानिवृति के बाद समाज सेवा में जुटे शहर के सुजान बिंद ने सरगुजा कलेक्टर को जन-चौपाल में एक पत्र प्रेषित कर शराब दुकानों में सर्वसुविधायुक्त, बिजली, पानी व पंखा युक्त शेड निर्माण कराने का आग्रह किया है, ताकि वे निर्भीक होकर पिएं, उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। यह पत्र इंटरनेट मीडिया तक पहुंचने के बाद चर्चा का विषय बन गया है।
सुजान बिंद ने शासन-प्रशासन की लाचारी पर प्रहार करते हुए उक्त पत्र को लिखा है। इनका कहना है कि अंबिकापुर में तीन शासकीय शराब दुकान हैं, जहां मदिरा प्रेमियों की भरमार रहती है। कुछ तो शराब लेकर चले जाते हैं, लेकिन सैकड़ों मदिरापान करने वाले कहीं भी गली, कोना, मैदान में बैठकर शराब पीने लगते हैं। इससे राहगीरों व आसपास के बाशिंदों को परेशानी होती है। वाद-विवाद की स्थिति में घोर अपमान या इनकी बदजुबानी का लोगों को सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश की संवेदनशील सरकार और उनके अधीन प्रशासन का ध्यान इस ओर दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर सरगुजा को संबोधित पत्र में उन्होंने निवेदन किया है कि सरकार शासकीय शराब दुकान खोली है, तो राजस्व देने वाले शराबियों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि वे बिना किसी डर-भय के शराब पी सकंे। उनकी दलील है कि रास्ते में कोई शराब पीते मिल जाए तो पुलिस की परेशानी का सामना करना पड़ता है। सेटिंग जमे या ना जमेे 36-च का मामला बनेगा। इससे अच्छा वे शेड में बैठकर पिएं, ताकि पानी, चखना के लिए भी न भटकना पड़े।  

Categorized in: