छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। सरगुजा जिले की बतौली थाना पुलिस ने हत्या के मामले में एक आरोपी को चंद घंटे में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी ने पूर्व रंजिश होने पर हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी से घटना में प्रयुक्त लोहे का टांगा पुलिस ने जप्त कर लिया है।
बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम चिरंगा खालपारा निवासी रामसाय पैकरा ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह और उसकी पत्नी रजमनिया घर की परछी में अलग-अलग सोए थे। सुबह उसके पुत्र राजकुमार ने बताया कि मां रजमनिया नहीं उठ रही है। जब वह मौके पर गया तो उसकी पत्नी मृत अवस्था में पड़ी थी, कनपटी व चेहरे में चोट का निशान व खून दिखाई दे रहा था। उसकी पत्नी राजमनिया की अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी थी। रिपोर्ट पर थाना बतौली की पुलिस ने धारा 302 भादंवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। जांच के दौरान सामने आया कि मृतिका पर टोनही की शंका कर पूर्व में ग्राम चिरंगा का सीमन राम उर्फ सीमा विवाद किया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दिया, टालमटोल करने लगा। पुलिस टीम का रूख बदला तो उसने रजमनिया की हत्या करना स्वीकार किया और घटना में प्रयुक्त लोहे का टांगा, सेंधवार लकड़ी का टुकड़ा उसके निशानदेही पर बरामद करने में पुलिस को सफलता मिली। आरोपी सीमन उर्फ सीमा द्वारा महिला की हत्या करना स्वीकार करने पर पुलिस उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दी है।

Categorized in: