लिव इन में रहने वाली युवती हताश होकर पहुंची पुलिस के शरण में

गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। अंबिकापुर की एक युवती के साथ चार साल लिव इन में रहने के बाद लड़के ने उसे महज इसलिए छोड़ दिया क्योंकि वह अलग जाति से थी। युवती ने पुलिस को बताया उसकी जिंदगी से खिलवाड़ करने वाला बलरामपुर जिले का रहने वाला आनंद कुमार गुप्ता है, जो लटोरी शराब दुकान में मैनेजर है। जब वह पहली बार अंबिकापुर के कॉलेज में पढऩे आई तो वह उससे जबरन बातें करता। मौका पाकर एक दिन वह उसके कमरे में आ गया और शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाया। जब वह गर्भवती हो गई तो दवा देकर गर्भपात कराया। घर के सदस्यों को जब इसका पता चला तो उन्होंने युवती को छोड़ दिया, ऐसे में उसने आनंद का दामन थामा और दोनों लिव इन में पति-पत्नी की तरह साथ में रहने लगे। युवती का कहना है कि आनंद शराब पीने का आदी था, जिससे उसकी दोनों किडनी खराब हो गई। इस दौरान उसने एक पत्नी की तरह उसकी सेवा की, यहां तक कि वह अपना किडनी देने को तैयार हो गई, लेकिन दोनों ने शादी नहीं की थी इसलिए ऐसा नहीं हो पाया। अंत में आनंद को उसके पिता ने अपनी किडनी दी, जिसका इलाज रायपुर में चला। रायपुर से स्वस्थ होकर आने के बाद उसके तेवर बदल गए। वह उसके इंतजार में थी, इधर आनंद शहर में रहकर भी उससे नहीं मिलने तरह-तरह के बहाने बनाने लगा। जब उसने शादी करने के लिए कहा तो पैसे देकर अपना पीछा छुड़ाने की कोशिश करने लगा। घर वालों का साथ छूटने के बाद बनी परिस्थिति के आगे वह हार गई और पुलिस के शरण में पहुंची। युवती की फरियाद पर विशेष थाना पुलिस ने उसका मेडिकल जांच कराया है और प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

Categorized in: