बिश्रामपुर। अंबिकापुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर कल्याणपुर घाघीटिकरा मोड़ के पास दो बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए अनियंत्रित कार सड़क किनारे सरई पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में कार सवार अंबिकापुर निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, चार घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है।
लटोरी पुलिस ने बताया कि अंबिकापुर के गुदरी बाजार, कतराज भवन निवासी 40 वर्षीय प्रकाश सिंह पिता स्व.सुरेंद्र सिंह मंगलवार की दोपहर कार क्रमांक जेएच 01 डीपी 2448 में प्रतापपुर की ओर से अंबिकापुर की ओर जा रहा था। दोपहर में करीब 12 बजे ग्राम घाघीटिकरा मोड़ के पास कल्याणपुर में कार चालक अचानक नियंत्रण खो दिया और विपरीत दिशा से प्रतापपुर की ओर जा रहे टीवीएस मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 29 एडी 9288 व पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 सीएल 3338 को टक्कर मारते हुए अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।  दुर्घटना में कार सवार अंबिकापुर निवासी प्रकाश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पल्सर में सवार अंबिकापुर बौरीपारा निवासी विकास दुबे पिता अरुण दुबे, मगरढोढ़ा गाड़ाघाट निवासी पंकज शर्मा, अंबिकापुर महादेव गली बौरीपारा निवासी चिराग व एक अन्यको गंभीर चोट आई है। सूचना मिलते ही लटोरी चौकी प्रभारी धनंजय पाठक दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर भिजवाया। कार से प्रकाश सिंह के शव को निकलवाकर पंचनामा पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

Categorized in: