सार्वजनिक स्थलों पर बैठकर शराब पीने वाले और चखना दुकान के संचालकों पर कार्रवाई

गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। शराब दुकानों के पास पुलिस अधिकारियों के पहुंचने से जहां-तहां बैठकर शराब पी रहे लोगों में भगदड़ की स्थिति बन गई। सोमवार की शाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विभाग की विशेष टीम व आबकारी अमले के साथ शासकीय अंग्रेजी शराब दुकानों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। आम लोगों की ओर से शराब दुकानों के पास चखना सेंटर व सार्वजनिक स्थल पर शराब पीने की आए दिन शिकायतें सामने आ रही थी, जिसे पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से लिया था। पुलिस टीम ने इस दौरान सार्वजनिक रूप से शराब पीने वालों पर कार्रवाई भी की।


शराब दुकानों के पास सार्वजनिक स्थल पर और चखना सेंटरों में शराबियों का जमघट लगे रहने से होने वाली आम लोगों को परेशानी की शिकायतें पुलिस अधिकारियों को मिल रही थी। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने इसे गंभीरता से लिया था और शासकीय शराब दुकानों के आस-पास रहने वाले लोगों को होती परेशानियों से निजात दिलाने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर शासकीय शराब दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण करने एवं विधिवत कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया था। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशेष टीम के साथ सोमवार को देर शाम शासकीय शराब दुकानों के आसपास की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तो शराब पीने वाले जगह-जगह जमा नजर आए। शासकीय शराब दुकानों के निरीक्षण दौरान उप पुलिस अधीक्षक कामता सिंह दीवान, रक्षित निरीक्षक जयराम चरमाको, उप निरीक्षक विजय दुबे के अलावा पुलिस व आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।


शराब दुकान के कर्मचारियों को दी हिदायत
पुलिस अधिकारी विशेष टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो यहां जगह-जगह शराब पीने वाले लोगों का जमघट लगा था। शराब पीने में मशगूल लोग कुछ समझ पाते इसके पहले पकड़ो, गाड़ी में बैठाओ जैसी आवाज सुनकर भगदड़ की स्थिति बन गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने शासकीय शराब दुकान के कर्मचारियों को दुकान के आसपास शराब पीने से मना करने की कड़ी हिदायत दी। सार्वजनिक रूप से शराब पीने वाले व्यक्तियों व शराब दुकान के आसपास अवैध चखना सेंटर संचालित करने वालों पर भी विधिवत कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई लगातार जारी रखने हेतु थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है।


कई बार बनी है विवाद की स्थिति
शराब दुकानोंं के पास शराब पीने के बाद कई बार अप्रिय स्थिति निर्मित हो चुकी है। फायरिंग का मामला भी पूर्व में सामने आ चुका है। यहां संचालित चखना सेंटरों के विरूद्ध पूर्व में भी कार्रवाई की गई थी, यही नहीं इनके द्वारा अपने चखना दुकानों में बनाई गई बैठने की व्यवस्था को भी ध्वस्त किया गया था। इसे लेकर कई प्रकार की बातें सामने आई थी। पुन: पुराने ढर्रे पर शराब दुकानों के आसपास शराबियों का जमघट लगने से इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों में अनहोनी का भय बना रहता था। पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहने से शराब खरीदने के बाद यहां पीने के लिए लगने वाली जमघट से मुक्ति मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। 

Categorized in: