एएसपी के नेतृत्व में निगम के उडऩदस्ता के साथ पहुंची पुलिस रही एक्शन मोड में
निजी एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों की अस्थायी पार्किंग होगी रामानुज क्लब मैदान में


गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस द्वारा मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के सामने एवं आसपास की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने एक्शन मोड में निकली। निगम के उडऩदस्ते के साथ निकली पुलिस टीम ने कार्रवाई की चेतावनी देते हुए नो वेंडिंग जोन में लगाए गए ठेले, गुमटी व अव्यवस्थित तरीके से खड़ी वाहनों, ऑटो, दोपहिया को हटा लेने की चेतावनी दी। पुलिस के कड़े रुख को देखते हुए कुछ ही देर में अस्पताल के सामने लगे बेतरतीब ठेले और वाहन गायब हो गए। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा के नेतृत्व में यातायात पुलिस एवं निगम अमले ने की। इस दौरान सड़क किनारे के ठेले, गुमटी एवं निजी एंबुलेंस को रामानुज क्लब मैदान में स्थानांतरित किया गया। पूर्व में भी कई बार ऐसी कार्रवाई हुई है लेकिन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में पहली बार सख्त कार्रवाई चेतावनी के साथ की गई है।


उल्लेखनीय है कि पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव के मार्गदर्शन व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में शहर के रिंग रोड से यातायात व्यवस्था सुधारने की शुरूआत की गई है। रिंग रोड में घंटों भारी मालवाहकों के चक्के थमे रहने से कई बार दुर्घटनाजन्य परिस्थिति बनते आ रही थी। ऐसे में पुलिस अधिकारियों ने ट्रक यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक लेकर स्पष्ट किया था कि रिंग रोड में भारी वाहनें खड़ी नहीं होनी चाहिए। इसके बाद हालात में बदलाव जरूर आया है लेकिन पूरी तरह से मालवाहकों के खड़े होने का सिलसिला नहीं थमा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में यातायात पुलिस एवं निगम अमले द्वारा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रोजाना होने वाली मरीजों की भीड़ के बीच अस्पताल के सामने गलत तरीके से ठेले-गुमटी और निजी एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों के कारण चरमराती यातायात व्यवस्था को सुधारने अभियान चलाया गया। इस दौरान अस्पताल के सामने खड़ी निजी एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों व सड़क किनारे स्थित ठेले एवं गुमटियों को रामानुज क्लब मैदान में स्थानांतरित किया गया। संपूर्ण कार्रवाई के दौरान उप पुलिस अधीक्षक इमानुएल लकड़ा, रक्षित निरीक्षक जयराम चरमाको, चौकी प्रभारी मणिपुर सरफराज फिरदौसी, नगर निगम की टीम एवं यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी, आसपास के वरिष्ठ नागरिक, दुकान संचालक उपस्थित रहे।


नियमों का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई
ठेला एवं गुमटी संचालकों को सरगुजा पुलिस एवं नगर निगम प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा सड़क किनारे दुकान नहीं लगाने एवं नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। नियमों का पालन नहीं करने पर विधिवत कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। जिला अस्पताल के सामने खड़े निजी एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों को रामानुज क्लब मैदान में खड़ी करने एवं सड़क के किनारे किसी प्रकार का अव्यवस्था ना हो, इसके लिए निर्देशित किया गया है।


अस्थाई पार्किंग की लोगों को दी गई जानकारी
यातायात पुलिस द्वारा रामानुज क्लब मैदान को अस्थाई पार्किंग के रूप में उपयोग करने की जानकारी आसपास के नागरिकों, दुकान संचालकों एवं वाहन मालिकों को दी गई। पुलिस ने आम नागरिकों से आग्रह किया है कि जिला अस्पताल के सामने रामानुज क्लब मैदान में अपनी वाहनों की पार्किंग करना सुनिश्चित करें। यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सरगुजा पुलिस की मदद करें।


रिंग रोड में आधा दर्जन वाहनों पर कार्रवाई
शहर के रिंग रोड पर बेतरतीब खड़े भारी वाहनों पर कार्रवाई सरगुजा पुलिस ने शुरू कर दी है। गांधीनगर, कोतवाली, मणिपुर पुलिस द्वारा अभियान चलाकर लगभग आधा दर्जन वाहन चालकों पर धारा 283 के तहत कार्रवाई की गई। एसपी भावना गुप्ता द्वारा रिंग रोड में लापरवाही एवं बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

Categorized in: