छूट में वाहन दिलाने के बाद ईएमआई के नाम पर रकम ठगने का मामला

अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में अंतर्राज्यीय ठग को करोड़ों की ठगी के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा है।
दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा निवासी प्रमोद लकड़ा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि छूट में 12 लाख रुपये का वाहन क्रय कराने के बाद किश्त भरने का प्रलोभन देकर मलिका अर्जुन ट्रेडिंग एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मालिक अर्जुन गोप निवासी जिला गुमला, हालमुकाम रिषभनगर रांची झारखंड द्वारा धोखाधड़ी कर ठगी की गई है। घटना को गंभीरता से संज्ञान में लेकर पुलिस ने धारा 420, 120(बी) भादवि के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया। मामले में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने आरोपितों की गिरफ्तारी के  लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला  के नेतृत्व में टीम गठित कर थाना प्रभारी दरिमा प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक डॉ.प्रशांत देवांगन को आरोपित की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। हालांकि ठगी के शिकार लोगों की सजगता से पुलिस के हाथ आरोपित पूर्व में ही लग गया था, लेकिन लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए पुलिस संबंधित कंपनी के द्वारा की गई ठगी के ट्रेंड की विवेचना में लगी थी। प्रयास भी था कि आरोपित से वे प्रार्थियों को अधिकाधिक रकम दिलाने में सफल हों ताकि उन्हें राहत मिले। आरोपित अर्जुन गोप को पुलिस दरिमा थाना लाकर पूछताछ की तो उसने ठगी की घटना कारित करना स्वीकार किया। आरोपित ने क्षेत्र में कई लोगों के साथ वाहन क्रय करने पश्चात किश्त भरने का प्रलोभन देकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। ठगी के शिकार लोग घटना से सरगुजा पुलिस को अवगत करा सकते हैं। सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से आग्रह किया है कि किसी प्रकार के प्रलोभन में आकर धोखाधड़ी का शिकार ना हों एवं ऐसे लोगों की सूचना सरगुजा पुलिस को प्रदान करें। कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक डॉ.प्रशांत देवांगन, उप निरीक्षक अनिल सोनवानी, सहायक उप निरीक्षक बैजनाथ, प्रधान आरक्षक दिलसाय कुजूर, आरक्षक संजय केरकेट्टा, शिव राजवाड़े, कुंदन सिंह, दिलेश्वर सिंह, एमटी आरक्षक कमलेश शामिल रहे।

Categorized in: