त्योहारी सीजन में पहली बार हुई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपित के पास नहीं मिला कोई वैध कागजात    

अंबिकापुर। दीपावली के मौके पर सोने के जेवरातों की खपत को देखते हुए ग्राहकों को लुभाने वाले आकर्षक डिजाइनों के जेवरातों की भरमार सर्राफा कारोबारियों के यहां रहती है। कुछ कारोबारी इस मौके का फायदा उठाने सक्रिय रहते हैं और अवैध सोने की खपत आसानी से हो जाती है। सरगुजा पुलिस ने पहली बार त्योहारी सीजन में बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में सोने का जेवर लेकर पहुंचे हावड़ा, कोलकाता के एक व्यक्ति को सदर रोड में सर्राफा कांप्लेक्स के होटल से गिरफ्तार किया है। उक्त व्यक्ति के पास एक करोड़ 15 लाख 76 हजार 316 रुपये का एक किलो 667 ग्राम 860 मिलीग्राम सोना और 13 लाख सात हजार 600 रुपये नगद रकम पुलिस ने बरामद किया है। नगदी रकम स्वर्णाभूषण बिक्री से मिलने की संभावना है। फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को न्यायिक रिमांड में भेज दिया है। पुलिस को उक्त व्यक्ति के पास से सोने के जेवरात के संबंध में किसी प्रकार का दस्तावेज नहीं मिला। आरोपित से होटल में मिलने कौन-कौन आया, पुलिस इसकी तफ्तीश में लगी है। बड़ी मात्रा में लाए गए स्वर्णाभूषण कैसे और किन ज्वेलरी व्यवसायियों के लिए लाए गए थे, इस तह तक पहुंचने के प्रयास में पुलिस लगी है।

 
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय कुमार यादव ने त्यौहार को ध्यान में रखते हुए होटल, लॉज, ढाबा तक नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इसी तारतम्य में पुलिस अधीक्षक सरगुजा भावना गुप्ता के मार्गदर्शन में सरगुजा पुलिस शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाने में लगी है। थाना प्रभारी सतर्क रहकर सूचना तंत्र को मजबूत करने में लगे है। इसी क्रम में 21 अक्टूबर, शुक्रवार को पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के पास काले रंग के बैग में काफी मात्रा में सोने के जेवरात होने और सदर रोड में स्थित कंचन होटल में रूकने की सूचना मिली। पुलिस अधीक्षक ने सूचना को गंभीरता से लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक रुपेश नारंग को जांच करने के निर्देश दिए गए। पुलिस जब होटल के रूम नंबर 106 को खुलवाई तो उसमें एक व्यक्ति मिला, जिसने पूछताछ में अपना नाम पता विष्णु कुमार तासावर पिता विजय कुमार 42 वर्ष निवासी मकान नंबर 138, नेताजी सुभाष चंद्र रोड हावड़ा कोलकाता पश्चिम बंगाल बताया। पुलिस ने संदेही के काले रंग के बैग की तलाशी ली तो उसमें सोने के जेवरात व नगदी था। सोने के जेवरात का कोई वैध दस्तावेज नहीं होने पर संदेही को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। जेवरात चोरी का होने के संदेह पर पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड में भेज दिया है। कार्रवाई में कोतवाली के एसएचओ उपनिरीक्षक रुपेश नारंग, प्रधान आरक्षक अजय पांडेय, आरक्षक इद्रीश खान, धीरज सिंह, कुंदन सिंह, अमित राजवाड़े, सचितानंद, शिव राजवाड़े शामिल रहे।


झारसुगड़ा से किराए की वाहन में पहुंचा अंबिकापुर  
प्रारंभिक पूछताछ में जेवरात के साथ पकड़ में आए व्यक्ति ने पुलिस को रेलवे मार्ग से हावड़ा से ओडि़शा के झारसुगड़ा आने फिर किराए की वाहन से अंबिकापुर आना बताया है। यहां आने के बाद वह शहर के प्रमुख आभूषण विक्रेताओं के बीच स्थित होटल में रूका था, ताकि आभूषण के कारोबारियों से संपर्क करने उसे भटकना न पड़े। त्योहार के मौके पर संभवत: उसे उम्मीद थी कि आसानी से आभूषण को खपाने के बाद वह सुरक्षित निकल लेगा। आरोपित के पास मिले नगद रकम आभूषण की बिक्री से मिलने की संभावना है। पुलिस उक्त व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाने में लगी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने बताया कि आरोपित की जिन लोगों से मुलाकात हुई है, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा। सोने का गुणवत्ता का भी परीक्षण कराया जाएगा।  

Categorized in: