अंबिकापुर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिला ट्रांसपोर्ट यूनियन की बैठक लेकर रिंग रोड में खड़ी ट्रकों को 24 घंटे के अंदर हटाने की चेतावनी दी गई है। कहा गया है कि समय अवधि समाप्त होने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी, इसके लिए वाहन मालिक स्वयं जिम्मेदार होंगे।
रिंग रोड में भारी मालवाहकों के बेतरतीब खड़े रहने से आए दिन आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में कई बार वाहनों को हटवाने के साथ ही चालानी कार्रवाई भी की गई है लेकिन पुन: भारी वाहनों का यत्र-तत्र जमावड़ा देखने को मिलता है। रोजमर्रा की परेशानी को देखते हुए सरगुजा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कई बार दिशा-निर्देश जारी किए गए, लेकिन चंद घंटे बाद पूर्ववत स्थिति देखने को मिलती है। रिंग रोड में भारी वाहनों को ऐसे खड़ा किया जाता है, जिससे कई बार राहगीरों और दोपहिया के चालकों को दुर्घटनाजन्य परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। हालातों में नहीं आते बदलाव को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय कुमार यादव व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में गुरूवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के नेतृत्व में ट्रांसपोर्ट यूनियन से जुड़े सदस्यों की बैठक पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ली गई। बैठक में स्पष्ट निर्देशित किया गया है कि रिंग रोड में खड़े ट्रकों को 24 घंटे की समयावधि में हटाया जाए अन्यथा 24 घंटे पश्चात रिंग रोड पर खड़ी ट्रकों पर विधि सम्मत चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ट्रक चालकों पर सख्ती बरतने वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई भी कर सकती है।

Categorized in: