खराब सड़कों की पैच रिपेयरिंग जल्द शुरू करने व गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण के निर्देश

अंबिकापुर। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने गुरुवार को सीतापुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत के खराब सड़कों का निरीक्षण कलेक्टर कुन्दन कुमार सहित निर्माण से जुड़े विभागों के जिला अधिकारियों के साथ किया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई तथा एनएच के अधिकारियों को निर्देशित किया कि खराब सड़कों का पैच रिपेयरिंग कार्य जल्द शुरू करें व निर्माण गुणवत्तापूर्ण हो। इस दौरान आदिवासी विकास विभाग के एसडीओ, मंडल संयोजक व अधीक्षिका के कार्यों को लेकर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया।


खाद्य मंत्री ने दरिमा तहसील के नावानगर, कालीपुर, चिरंगा मार्ग में जहां-जहां सड़क ज्यादा खराब है और गड्ढे है वहां पैकेज 4 रिपेयर कराने, पुलिया के पास में गड्ढों को भरने तथा बारिश के कारण पुलिया के दोनों किनारों पर हुए मिट्टी कटाव को ठीक कराने के निर्देश दिए। कालीपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच मार्ग को शीघ्र मरम्मत करने कहा। खाद्य मंत्री ने बरनई व घाघी नहर से रकेली गांव तक सिंचाई हेतु पानी पहुंचाने तथा मांड डायवर्सन का मुआवजा राशि वितरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अंबिकापुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में बतौली से राधापुर तक सड़क का निरीक्षण किया और जहां निर्माण कार्य नहीं हो पाया है वहां पूरा कराने और डायवर्सन सड़क को भी ठीक कराने के निर्देश दिए। बतौली के पास पुल के किनारे अतिक्रमण को हटाने एसडीएम व आरआइ को निर्देशित किया। काराबेल के पास मांड नदी के पुराने पुल के गड्ढों को भरने और दोनों ओर के सड़क को ठीक करने के निर्देश एनएच के अधिकारियों को दिए। इसके पश्चात सीतापुर, सूर, प्रतापगढ़ व राधापुर तक एनएच का निरीक्षण कर जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने कहा। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप, एसडीएम रवि राही सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।


मैनपाट महोत्सव के पहले पूरा करें एयरपोर्ट का काम

खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने दरिमा में स्थित मां महामाया एयरपोर्ट के उन्नयन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी निर्माण एवं अन्य तैयारियां मैनपाट महोत्सव के पहले पूरा करने के निर्देश दिए। इसके पहले सरगुजा कलेक्टर ने भी एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था और गुणवत्तापूर्ण काम जल्द से जल्द एक समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए थे।
जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत के निर्देश

खाद्य मंत्री ने भ्रमण दौरान शासकीय हाईस्कूल चिरंगा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बतौली तथा प्री व पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास बतौली का भी निरीक्षण किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बतौली का भवन जर्जर होने के कारण शीघ्र मरम्मत कराने छात्रावास भवन में सीपेज को ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं से भोजन, पेयजल आदि की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली और अधीक्षिका को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने कहा।
फौरी कार्रवाई: एसडीओ, मंडल संयोजक व अधीक्षिका को नोटिस जारी
आश्रम-छात्रावासों में स्व सहायता समूहों से होगी राशन सामग्री की खरीदी

जिला पंचायत के सीईओ विश्वदीप ने गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आश्रम-छात्रावासों के अधीक्षकों की बैठक लेकर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने सभी आश्रम व छात्रावासों में राशन सामग्री स्व सहायता समूह से खरीदने के निर्देश दिए। बैठक में खाद्य मंत्री अमरजीत भगत के दौरे के दौरान पाई गई कमियों को ध्यान में रखते हुए आदिवासी विकास विभाग के बतौली क्षेत्र के एसडीओ, मंडल संयोजक और अधीक्षिका के कार्यों से नाराजगी जताते हुए कारण बताओ सूचना जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला सीईओ विश्वदीप ने बच्चों के भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात की। उन्होंने कहा कि बच्चों के भोजन की गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी अधीक्षक स्व सहायता समूहों से ही सामानों की खरीदी करें। उनके पास उपलब्ध नहीं होने पर ही बाहर से खरीदी करें। आश्रम शालाओं में बिजली-पानी की व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं होनी चाहिए। एकलव्य विद्यालय और प्रयास विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई के लिए तैयारी का बेहतर माहौल बनाएं। उन्हें अच्छी शिक्षा देकर प्रतियोगिता के लिए तैयार करें ताकि वे उच्च शैक्षणिक संस्थानों में चयनित होकर जिले का नाम रोशन करें। बच्चों के स्किल डेवलपमेंट के लिए टेस्ट सीरीज जैसे नवाचारी प्रयोग करने कहा गया। सभी बच्चों का स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा सभी अधीक्षक अपने अंतर्गत कार्यरत रसोइया, सफाई कर्मचारियों, दैनिक वेतन भोगी और कलेक्टर दर में कार्य कर रहे लोगों का श्रमेव जयते एप्प के माध्यम से श्रम कार्ड अनिवार्य रूप से बनवाएं। साथ ही प्रयास व एकलव्य जैसे संस्थानों में पढ़ रहे बच्चों के माता-पिता का श्रम कार्ड भी अनिवार्य रूप से बनवाएं। इससे बच्चों की शिक्षा में छात्रवृत्ति के साथ कई सहायता मिलेगी। बैठक में अपर कलेक्टर एएल ध्रुव, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त जेआर नागवंशी तथा जिले के सभी अधीक्षक उपस्थित थे।

Categorized in: