लाखों रुपये खर्च कर लगवाया गया था, किसी घटना की स्थिति में अपराधियों को खंगालने में हो सकती है दिक्कत

जरही/भटगांव। सूरजपुर जिले के भटगांव एवं जरही क्षेत्र में किसी प्रकार का वारदात होने पर सबसे पहले पुलिस का ध्यान सीसीटीवी की ओर जाता है। सुरक्षा की दृष्टि से नगर में दो साल पहले चार स्थानों पर 15 सीसीटीवी कैमरे एसईसीएल भटगांव क्षेत्र के द्वारा लगवाए गए थे। इन कैमरों के मेंटनेंस का ध्यान नहीं रखने से 12 सीसीटीवी कैमरे काम करना पूरी तरह से बंद कर दिए हैं। इनकी मरम्मत कराने के लिए पुलिस विभाग के अधिकारियों ने पहले भी पत्राचार किया, लेकिन सीसीटीवी कैमरों का सुधार कार्य नहीं हो पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कैमरे का मेंटेनेंस एसईसीएल और नगर पंचायत को करना था। कुछ माह पहले एक अज्ञात वाहन अनियंत्रित होकर खंभे में टक्कर मार दी थी, जिस कारण जरही चौक के कैमरे में खराबी आ गई। बाकी जगह लगे सीसीटीवी कैमरों के खराब होने की जानकारी कैमरे से संबंधित एजेंसी को पत्राचार करके व मौखिक सूचना नगर पंचायत और एसएससीएल भटगांव क्षेत्र को दी गई है।
शोपीस बनकर खंभों में टंगे हैं कैमरे
अपराधियों व असामाजिक गतिविधियों की जानकारी हासिल करने के लिए भटगांव एवं जरही नगर क्षेत्र में एसईसीएल के द्वारा लगभग पांच लाख रुपये की लागत से 15 कैमरे लगवाए थे। इनमें 4 कैमरे जरही चौक, 4 कैमरे त्रिपाठी चौक, 3 कैमरा एसईसीएल हॉस्पिटल चौक और 4 कैमरे स्टेडियम चौक पर लगवाए गए थे। चार स्थानों में लगे कैमरों में एक ही स्थान का 3 कैमरा चालू है, शेष 12 कैमरे तीन स्थान पर खंभे की शोभा बढ़ा रहे हैं। सीसीटीवी संचालन के अभाव में वारदातों की संख्या बढ़ी है, वहीं पुलिस को वारदातों का पर्दाफास करने में मदद नहीं मिल पा रही है।
त्योहार के मौके पर वारदात की आशंका बढ़ी
त्योहार के मौके पर अपराधिक गतिविधियां बढ़ती है, असामाजिक तत्व, उठाईगिरी करने वाले तत्व सक्रिय रहते हैं। ऐसी वारदातों को ट्रेस करने के लिए सीसीटीवी कैमरे पुलिस के लिए काफी काम के साबित होते रहे हैं। कई बड़ी घटनाओं का पर्दाफास करने में पुलिस को सफलता मिली है। चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की वजह से लोग गलत काम करने से डरते हैं। लंबे समय से खराब सीसीटीवी कैमरों की वजह से लोगों में त्योहार के मौके पर किसी प्रकार की वारदात का अनजाना भय बना हुआ है।
बयान-
जरही चौक में लगे खंभे को अज्ञात वाहन ने ठोकर मारा था, जिससे कैमरा खराब है, इसकी सूचना हमने संबंधित एजेंसी, नगर पंचायत और एसईसीएल भटगांव को पत्राचार करके दी है। मौखिक सूचना व एसईसीएल प्रबंधन से बातचीत के बाद भी सुधार कार्य नहीं हो पाया है। सिर्फ जो भी सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं, उनका जल्द से जल्द मेंटेनेंस शुरू कराने की बात कही जाती है। कुछ अन्य जगहों पर भी कैमरा लगाने की जरूरत है, जो एसईसीएल द्वारा लगाया जाएगा, इससे काफी हद तक किसी प्रकार की अपराधिक वारदातों पर अंकुश लगेगा।
शरद चंद्रा, थाना प्रभारी भटगांव
मुझे इसकी जानकारी नहीं है, इसके बारे में आपको ई एंड टी के फोरमैन इंचार्ज ही आपको बता पाएंगे। ई एंड टी फोरमैन इंचार्ज का मोबाइल स्विच ऑफ मिलने के कारण उनसे बात नहीं हो पाई।
बीसी शेट्टी, एरिया पर्सनल मैनेजर  

Categorized in: