सड़क पर निकले हिंदू संगठन के कार्यकर्ता, कलेक्टर के कक्ष में अधिकारियों से मंत्रणा
कलेक्टर ने कहा-धर्मस्व मद व जनभागीदारी से महामाया मंदिर के प्रवेश द्वार का होगा निर्माण  

गिरजा ठाकुर


अंबिकापुर। महामाया मंदिर के मुख्य द्वार पर लगे भगवा ध्वज को नगर निगम प्रशासन द्वारा उतारे जाने को लेकर आदिशक्ति मां महामाया के श्रद्धालुओं में आक्रोश है। सोमवार की रात से ही हिंदू समाज के युवा बड़ी संख्या में सड़कों पर निकल विरोध दर्ज करा रहे हैं। इस दौरान लरंगसाय वार्ड के पार्षद सिकंदर जायसवाल को महामाया पारा के निवासियों के साथ बीती रात एसडीएम ऑफिस में बुला कर बैठाया गया था। इसकी जानकारी मिलने पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव एसडीएम कार्यालय पहुंचे और वस्तुस्थिति की जानकारी लेकर एएसपी व एसडीएम से चर्चा की।
विदित हो कि कुछ वर्ष पहले रिंग रोड निर्माण के दौरान पुराने महामाया प्रवेश द्वार को तोड़ दिया गया था, जिसके कारण मां महामाया के श्रद्धालुओं व प्रशासन की सहमति से गेट बनते तक प्रतीक स्वरूप ध्वज को लगाने का निर्णय लिया गया था, जिसे 10 अक्टूबर को बिना हिंदू संगठनों की अनुमति के नगर निगम ने हटा दिया था। मामले को लेकर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, जिला उपाध्यक्ष अंबिकेश केसरी, वार्ड पार्षद सिकंदर जयसवाल, हिंदू युवा एकता मंच के सुधाकर सहित अन्य ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में कलेक्टर कक्ष में मंत्रणा की। अनुराग सिंह देव ने कहा जन सहयोग से तत्काल पैसों की व्यवस्था कर दी जाएगी। निगम ले-आउट कर कार्य प्रारंभ करने की तैयारी करें, जिस पर कलेक्टर ने कहा तत्काल धर्मस्व मद व जनभागीदारी से महामाया के प्रवेश द्वार का निर्माण प्रारंभ कर दिया जाएगा। प्रतीक स्वरूप ध्वज के स्थान पर महामाया प्रवेश द्वार का बोर्ड स्थापित करने का कलेक्टर ने आयुक्त को निर्देश दिया। इस अवसर पर विद्यानंद मिश्रा, विनोद हर्ष, निलेश सिंह, राजेश सिंह, निश्चल प्रताप सिंह, अशोक अग्रवाल, हरमिंदर सिंह टिन्नी, अजय मिश्रा, नरेंद्र सिन्हा, विनीत गुप्ता, मनोज कंसारी, दिलीप भसीन, सिंधू सोनी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Categorized in: