गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। सूरजपुर नगर से लगे ग्राम कृष्णपुर की एक महिला अपने रिश्तेदार के झांसे में आकर चिटफंड कंपनी में 39 लाख तीन हजार रुपए गवां दी। धोखाधड़ी का एहसास होने पर महिला ने थाने में शिकायत दर्ज करा रुपये वापस दिलाने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार ग्राम कृष्णपुर निवासी 55 वर्षीय महिला बसंती बाई की पैतृक भूमि सूरजपुर नगर से लगे ग्राम पर्री में थी, जिसे वह वर्ष 2009-2010  में लगभग 45 लाख रुपये में बिक्री की थी। वह जमीन बिक्री की रकम भारतीय स्टेट बैंक सूरजपुर में अपने खाते में जमा करना चाहती थी। रिश्तेदारों को इसका पता चला तो बसंती के बहन का लड़का टेमसाय राजवाड़े निवासी ग्राम गिरवरगंज वर्ष 2010 में उसके घर आया और आई कोर ई सर्विस लिमिटेड कंपनी में रुपये जमा करने के लिए दबाव बनाने लगा, वहीं महिला अपने खाते में रुपये जमा करने के लिए कह रही थी। इसके बाद टेमसाय राजवाड़े उसके घर रोजाना आता और आई कोर कंपनी में रुपये जमा कराने दबाव बनाता। उसने भरोसा दिलाया कि कंपनी में अगर रुपये डूब जाता है तो वह अपने हिस्से का खेत-बाड़ी बेचकर रुपये लौटाएगा, ऐसे में महिला उसके झांसे में आ गई और तीन-चार बार में टेमसाय राजवाड़े को 39 लाख 3 हजार रुपये आई कोर ई सर्विस लिमिटेड के खाते में जमा करने के लिए दे दी। टेमसाय रुपये लेकर कंपनी के खाते में जमा करने के बाद कंपनी के हस्ताक्षर एवं सील युक्त नौ नग बांड पेपर घर लाकर रिश्तेदार महिला को दे दिया। बांड की अवधि पूर्ण होने पर महिला ने जब टेमसाय राजवाड़े के घर जाकर कंपनी से रुपये वापस दिलाने कहा तो उसने कंपनी बंद हो जाने की जानकारी दी और भरोसा दिलाया कि जमा रुपये वह बहुत जल्द वापस दिला देगा। कुछ दिन इंतजार के बाद भी महिला को रुपये वापस नहीं मिले तो उसे ठगी का एहसास हुआ। महिला ने टेमसाय राजवाड़े के घर जाकर रुपये वापस दिलाने कहा तो गाली-गलौज कर मारपीट करने की धमकी देकर उसे घर से भगा दिया। महिला ने मामले की शिकायत सूरजपुर थाने में की है और टेमसाय राजवाड़े एवं आई कोर ई सर्विस लिमिटेड कंपनी से रुपये वापस दिलाने की मांग की है।

Categorized in: