गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ अशोक जुनेजा ने पत्रकारों से चर्चा करते पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव के द्वारा अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों के अवैध कृत्यों पर अंकुश लगाने के लिए किए गए पहल की सराहना की। उन्होंने रेंज व जिला स्तर पर घटित होने वाले अपराधों के मामले में पीडि़तों को त्वरित राहत पहुंचाने के उद्देश्य से किए गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि रेंज में नाकेबंदी कर की जा रही कार्रवाई में पुलिस को सफलता मिल रही है। उन्होंने नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे नवाबिहान व महिला उत्पीडऩ से संबंधित अपराधों पर अंकुश लगाने शुरू गूंज अभियान के तहत मिली सफलता की तारीफ की। पुलिस महानिदेशक ने सरगुजा रेंज के अंतर्गत किसी भी तरह की कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित नहीं होने को सफल पुलिसिंग बताया। उन्होंने कहा रेंज में सुचारू रूप से कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस महानिदेशक ने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री भी सड़क दुर्घटना, चिटफंड जैसे मामलों को लेकर गंभीर है। प्रदेश में चिटफंड कंपनियों से अभी तक एक करोड़ रुपये की रिकव्हरी कर उपभोक्ताओं को वापस किया गया है। संभाग में नक्सली हलचल को लेकर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि छत्तीसगढ़ व झारखंड के बार्डर में संयुक्त ऑपरेशन चलाकर बूढ़ापहाड़ से काफी नक्सली खदेड़े गए हैं। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के साथ छत्तीसगढ़ की पुलिस भी नक्सलियों को लेकर अलर्ट है। पत्रकारों से चर्चा के बाद पुलिस महानिदेशक ग्राम केपी सीआरपीएफ कैंप के लिए रवाना हुए। यहां से हेलीकाप्टर द्वारा रायपुर के लिए प्रस्थान किए।
रोड सेफ्टी के लिए जिला कलेक्टर से समन्वय बना करें बैठक
पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने कहा रोड सेफ्टी काफी संवेदनशील मुद्दा है। सड़क हादसों में कमी आए इसके लिए किसी घटना की सूचना पर पुलिस को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मौके की परिस्थिति का अध्ययन किया जा सके और उक्त स्थल दुर्घटना का पुन: केंद्र बने, इसके पहले दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की सार्थक पहल हो। डीजीपी ने रोड एक्सीडेंट तथा अचानक घटित होने वाले घटना स्थल पर अलग से पुलिस टीम लगाने कहा। उन्होंने सड़क दुर्घटना पर रोक के लिए जिले के कलेक्टर से समन्वय स्थापित कर बैठक आहूत करने पर बल दिया, जिससे सड़क हादसों को रोकने कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जा सके।

Categorized in: