गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री टीएस सिंहदेव ने गुरुवार को राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध अस्पताल में अत्याधुनिक, एडवांस एक्स-रे मशीन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मशीन की कार्य क्षमता और अन्य प्रणालियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मशीन के शुरू होने से अस्पताल में मरीजों को अधिक सुविधा मिलने की बात कही।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थापित एडवांस एक्स-रे मशीन जर्मनी से करीब 87 लाख रुपये की लागत से मंगाया गया है। इस मोबाइल मशीन में करीब 270 रोटेशन की सुविधा होने से इसे मरीज के बेड के पास रखकर आसानी से एक्स-रे लिया जा सकता है। मरीजों को अब अलग से एक्सरे कक्ष में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मशीन की स्थापना से अस्पताल में आने वाले संभाग के भर्ती मरीजों को बेहतर जांच की सुविधा मिलेगी। इस मशीन की खासियत यह है कि एक मिनट के अंदर एक्स-रे होगा। बिजली कट जाने के बाद भी कम से कम 100 एक्स-रे इस मशीन से किया जा सकता है। एक्स-रे मशीन का उद्घाटन करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने निर्माणाधीन ट्रॉमा सेंटर का भी जायजा लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, विनय शर्मा बंटी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ.रमनेश मूर्ति, अस्पताल अधीक्षक डॉ.लखन सिंह, डॉ.मधुमिता मूर्ति, डॉ.जेके रेलवानी के अलावा अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्रवाई के लिए जिम्मेदारी तय हो-
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बीते दिनों मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती किए गए नवजात को बी पॉजिटिव की जगह ओ पॉजिटिव रक्त चढ़ाए जाने के मामले में कहा कि गल्ती किसकी है, इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

Categorized in: