रामानुजगंज। काशी के प्रसिद्ध कलाकारों ने सात दिवसीय श्री रामलीला महोत्सव का आयोजन स्थानीय गांधी मैदान में किया, जिसके तीसरे दिन श्री रामलीला महोत्सव में सम्मिलित होने नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल, किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विकास दुबे, समाजसेवी अशोक केसरी, संजय गुप्ता पहुंचे। उन्होंने आरती करके श्री रामलीला महोत्सव का शुभारंभ किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने रामलीला के कलाकारों की सराहना करते हुए कहा जिस प्रकार इन्होंने रामायण का जीवंत मंचन व रामायण के सभी प्रमुख प्रसंगों का विवरण किया है वह निश्चित रूप से जनमानस तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा श्री रामलीला महोत्सव के माध्यम से समाज को एक आदर्श पिता व आदर्श पुत्र के कर्तव्य का बोध कराने का प्रयास किया गया है। अन्य पात्रों के द्वारा भी जीवंत अभिनय के साथ समाज को सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया जा रहा है। किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विकास दुबे ने श्री राम लीला महोत्सव का सात दिवसीय आयोजन की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए, ताकि हमारी कला संस्कृति जीवित रहे एवं लोगों को रामायण के बारे में बारीकी से जानकारी मिले। इस दौरान श्री रामलीला महोत्सव के संचालक शिवलाल चौरसिया एवं व्यवस्थापक लवकेश चौरसिया सहित नगरवासी उपस्थित रहे।

Categorized in: