कट्टा दिलाने के बहाने लेकर आए मुख्य आरोपित ने दोस्त व रिश्तेदार के साथ मिलकर की हत्या, पिता से मांगा 10 लाख फिरौती
विंध्यनगर की पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा

गिरजा ठाकुर


अंबिकापुर। मध्यप्रदेश के सिंप्लेक्स कॉलोनी, विंध्यनगर थाना क्षेत्र से गायब हुए 16 वर्षीय किशोर का शव सरगुजा संभाग अंतर्गत सूरजपुर जिले के चांदनी थाना अंतर्गत झनझन कुंड की खाई से तीन दिन बाद हत्यारे दोस्तों की निशानदेही पर बरामद किया गया। दोस्तों ने रुपये लूटने के बाद उसकी हत्या कर दी थी और किशोर के मोबाइल से घरवालों को फोन करके 10 लाख रुपये की मांग की थी। रुपये नहीं देने पर बेटे के टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी दी गई थी। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।


पुलिस ने बताया सिंप्लेक्स कॉलोनी निवासी रकीब ने 16 वर्षीय पुत्र अरमान के गायब होने की रिपोर्ट थाने में लिखवाई थी। अरमान 17 अगस्त को बाइक लेकर निकला था जो घर नहीं लौटा था। मामले में पुलिस गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच कर रही थी। नाबालिग को कट्टा दिलाने के बहाने एक युवक सूरजपुर जिले के ओडग़ी लाया था। यहां आने के बाद वह अपने बुआ के लड़के व एक अन्य रिश्तेदार को बुलाया। इसके बाद तीनों मिलकर उसे 1200 फीट नीचे खाई में फेंक दिए। आरोपितों ने किशोर से रुपये, मोबाइल व बाइक लूट ली। गायब किशोर को लेकर स्वजन परेशान थे। इसी बीच 19 अगस्त को अरमान के पिता के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने कॉल करके कहा कि बेटे को जिंदा चाहते तो 10 लाख रुपये लेकर बताए स्थान पर आ जाएं, अन्यथा उसकी हत्या कर शव के टुकड़े बोरे में भरकर भेज दिया जाएगा। इसकी जानकारी अरमान के पिता ने थाने में दी। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो पता चला कि अपहृत अरमान बैढन के दोस्त श्याम कार्तिक बैस के साथ गनियारी की ओर गया है। मध्यप्रदेश की पुलिस उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपने बुआ के लड़केे रामकया व रिश्तेदार अमरेश के साथ हत्या करना बताया। पुलिस तीनों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर अरमान का शव सूरजपुर जिले के चांदनी थाना क्षेत्र अंतर्गत बांक जंगल के झनझन कुंड खाई से बरामद की है। मुख्य आरोपित श्याम कार्तिक ने पुलिस को बताया कि अरमान के रहन-सहन व खर्चे को देखकर उन्होंने उससे दोस्ती की और लूट, फिरौती की योजना बनाई थी। अरमान ने कट्टा लेने की इच्छा व्यक्त की तो श्याम कार्तिक ने कहा कि उसके बुआ का बेटा उसे कट्टा दिला देगा। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से वह उसे लेकर आया था। सूरजपुर जिले के चांदनी-ओडग़ी मार्ग पर आने के बाद वह उसे ग्राम बांक लेकर गया। आरोपित ने रामकया तथा अमरेश को यहां बुलाया। इसके बाद वे अरमान को बांक के जंगल में स्थित झनझन कुंड के पास ले गए और परुपये, गाड़ी, मोबाइल व हेलमेट लूट लिए। इसके बाद तीनों ने चाकू की नोंक पर उसके आंख व मुंह में गमछा बांध दिया और झनझन कुंड के किनारे ले जाकर पीछे से धक्का मार दिया, जिसमें वह 1200 फीट नीचे कुंड में गिर गया। पुलिस को शक न हो इसलिए बाइक को गनियारी, मकरोहर के जंगल में आरोपितों ने छिपा दिया था। इसके बाद उसके पिता के पास मृतक के मोबाइल से फिरौती के लिए फोन किया था। इसकी सूचना अरमान के पिता ने पुलिस को दी। पुलिस शहर के सीसीटीवी फुटेज से जांच की और मुख्य हत्यारोपी के साथ अन्य लोगों की करतूत का पर्दाफास हो गया।

Categorized in: