मुखबिर की सूचना पर पुलिस जंगल से हिरासत में ली आरोपित को, अस्पताल में पुलिस की निगरानी में चल रहा उपचार

अम्बिकापुर। उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खोडरी में मंगलवार को एक युवक की उसके चचेरे भाई ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। हत्या के आरोपित मौके से फरार हो गया और खुदकुशी करने की नीयत से डीएपी खाद का सेवन कर लिया। मृतक के स्वजनों की रिपोर्ट पर पुलिस उसकी खोजबीन मेें लगी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे जंगल से गिरफ्तार  किया। पुलिसकर्मियों ने देखा कि उसकी तबीयत खराब देख पूछताछ की तो उसने खाद खाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस उसे अस्पताल में भर्ती कराई है, जहां उसका इलाज जारी है।जानकारी के मुताबिक सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोडरी निवासी नेम साय पिता मोहर साय 32 वर्ष मंगलवार की सुबह घर में अकेला था। परिवार के अन्य सदस्य खेत गए थे। इसी दौरान नेमसाय का चचेरा भाई आकाश सिंह पिता लोचन 26 वर्ष घर में पहुंचा। इसी बीच वह धारदार हथियार से नेम साय के सिर में प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे वह अचेत होकर वहीं गिर गया। हमला करने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। स्वजन घर लौटे तो अचेत नेमसाय को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में पुलिस हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपित की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जंगल में घेराबंदी कर उसे पकड़ा तो उसकी भी हालत खराब थी। पूछताछ में उसने खुदकुशी की नीयत से डीएपी खाद का सेवन करना बताया। पुलिस ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में भर्ती कराया। यहां पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

Categorized in: