पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक रिमांड पर

अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस विशेष अभियान नवाबिहान अंतर्गत लगातार कार्रवाई कर रही है। लोगों में नशे के विरूद्ध लाई गई जन-जागरूकता का परिणाम है कि पुलिस का सूचना तंत्र मजबूत हुआ है, जिससे नशेडिय़ों के मांद तक पहुंचने में भी पुलिस को सफलता मिली है। सरगुजा रेंज के आईजी और पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अनवरत जारी अभियान के परिणाम स्वरूप गांधीनगर थाने की पुलिस ने चठिरमा बेरियर के पास से 50 नग नशीला इंजेक्शन के साथ ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा है।पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव के मार्गदर्शन व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में नशे के विरुद्ध नवाबिहान अभियान के तहत चल रही कार्रवाई के क्रम में थाना प्रभारी गांधीनगर एवं उनकी टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर एक संदेही को घेराबंदी कर कब्जे में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अहमद अंसारी निवासी करवां थाना जयनगर बताया, जो नशीला इंजेक्शन बेचने हेतु ग्राहक की तलाश कर रहा था। पुलिस ने मौके से गुजर रहे लोगों की मौजूदगी में जब उसकी तलाशी ली तो एक झोले में रखे डिब्बे में 32 नग एवं 18 नग, कुल 50 नग अलग-अलग इंजेक्शन मिला। इसका उपयोग नशे के लिए लोग करते हैं। पुलिस द्वारा जब्त स्वापक एवं मन: प्रभावी औषधि की कुल कीमत दो लाख 32 हजार 198 रुपये बताई जा रही है। आरोपित को थाना गांधीनगर में अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। सरगुजा पुलिस के द्वारा ऐसे क्षेत्र जहां नशे की खपत हो रही है, उनकी पहचान कर तस्करों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई जारी रखी जाएगी। कार्रवाई में निरीक्षक कलीम खान, सउनि संतोष तिवारी, महिला प्रधान आरक्षक राधा यादव, आरक्षक समिनुल फिरदौसी, अतुल सिंह शामिल रहे।

Categorized in: