राजेन्द्र ठाकुर (राजू) बलरामपुर- बलरामपुर संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना की समीक्षा करते हुए जिले में स्वीकृत गौठानों के निर्माण कार्य अपूर्ण एवं अप्रारंभ होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा सभी गौठानों में अधिक से अधिक गोबर खरीदी करने के निर्देश दिये। उन्होंने बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना की गहन समीक्षा करते हुए राजस्व व आवर्ती चराई गौठानों में चल रहे निर्माण कार्यों की विकासखण्डवार समीक्षा की। उन्होंने नवीन स्वीकृत गौठानों के प्रारंभ, पूर्ण तथा अपूर्ण कार्यों की जानकारी ली तथा अप्रारंभ गौठानों के लिए भूमि का चिन्हांकन कर प्राथमिकता से शुरू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही नवीन गौठानों हेतु भूमि संबंधी विवादों का निराकरण हेतु सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को पहल करने को कहा। उन्होंने ऐसे राजस्व एवं आवर्ती चराई गौठान, जहां की स्वीकृति नहीं हुई है, उनका एक सप्ताह में प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही जिन गौठानों का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है वहां शीघ्र गोबर खरीदी कार्य प्रारंभ करने को कहा। कलेक्टर ने राजस्व व आवर्ती चराई गौठानों में अधिक से अधिक गोबर खरीदी करने तथा जिन गौठानों में गोबर खरीदी कर खरीदी कार्य बंद कर दी गई है, वहां पुनः खरीदी प्रारंभ करने के निर्देश दिये।
बैठक में कलेक्टर ने राजीव मितान क्लब की कार्ययोजना के संबंध में जानकारी लेते हुए विकासखण्ड स्तर पर गठित समिति के अध्यक्ष, सचिव तथा सदस्यों की बैठक लेकर जुलाई माह के अंत तक कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वयन करने एवं गतिविधियां प्रारंभ करने के निर्देश संयुक्त कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी को दिए। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड के प्रकरणांे का निराकरण, किसान सम्मान निधि की प्रगति की जानकारी कृषि विभाग से ली। कलेक्टर ने समस्त विभाग प्रमुखों को 31 जुलाई 2022 तक विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक लेकर कार्यवाही विवरण भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने ताम्बेश्वरनगर गौठान में निर्मित सत्तू को अच्छे से पैकेजिंग कराकर प्रति सप्ताह जिले के समस्त एकलव्य आवासीय विद्यालयों में 100 किलोग्राम, स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित पोषण पुनर्वास केन्द्रांे में 15 किलोग्राम तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को आवश्यकतानुसार सत्तू की खरीदी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आश्रम/छात्रावासों हेतु दैनिक उपयोग में आने वाली समस्त सामग्रियों को सी-मार्ट से खरीदी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिहान मार्ट, सी-मार्ट, स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित सामग्रियों के गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने एवं उसका समय-समय पर निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित शत्-प्रतिशत् उत्पादों को सी-मार्ट के माध्यम से अनिवार्य रूप से क्रय करने के निर्देश दिए।
बैठक में कृष्णकुंज निर्माण की प्रगति, मुख्यमंत्री के द्वारा की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन, लंबित मजदूरी भुगतान, भू-अर्जन, राहत शाखा, पर्यटन, नवीन तहसीलों का गठन आदि के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न विभागों में हाई कोर्ट, सिविल कोर्ट, जन शिकायत पोर्टल, मुख्यमंत्री जनचौपाल, कलेक्टर जनदर्शन, लोक सेवा केन्द्र में लंबित सभी प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिये।

Categorized in: