भाजयुमो के पदाधिकारियों ने ट्रेनों का पूर्ववत संचालन करने की थी मांग
अंबिकापुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा अंबिकापुर मंडल के जिले के महामंत्री एवं मंडल प्रभारी संजीव वर्मा की उपस्थिति व नगर अध्यक्ष निशांत सिंह सोलु के नेतृत्व में जनहित को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के सांसद, पूर्व मंत्री रामविचार नेताम को ज्ञापन सौंपकर मांग की गई है कि अंबिकापुर से शहडोल पैसेंजर, अंबिकापुर से अनूपपुर होते हुए मनेंद्रगढ़ की ओर जाने वाली पैसेंजर का परिचालन एवं अंबिकापुर से शहडोल के लिए जो मेमू ट्रेन जाती है उसका पूर्व समय के अनुसार परिचालन तत्काल शुरू किया जाए। कहा गया है कि कोरोना काल के बाद देश में लगभग सभी ट्रेनें चालू हो चुकी हैं परंतु अंबिकापुर जो सरगुजा संभाग का अंतिम स्टेशन है, यहां से कई ट्रेनों का परिचालन बंद है, जिसके कारण सरगुजा संभाग की जनता को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। एक तरफ गर्मी चरम पर है तो दूसरी तरफ सरगुजा संभाग से जाने वाले लोग अनूपपुर में घंटों परेशान रहते हैं। दोनों पैसेंजर के परिचालन बंद होने के कारण इंदौर, रीवा, दिल्ली, राजस्थान, कोलकाता जाने वाले लोगों को अनूपपुर में घंटों इंतजार करना पड़ता है। सरगुजा संभाग के ग्रामीण अंचल से जिन लोगों को सूरजपुर, बैकुंठपुर, मनेंद्रगढ़, अनुपपुर जाना होता है ऐसे लोगों की आर्थिक क्षति हो रही है। ट्रेन में 50 से 100 रुपये किराया लगता है, वहीं बस में जाने पर उसको 200 से 500 रुपये खर्च करना पड़ता है, जिससे सरगुजा संभाग की जनता को शारीरिक क्षति के साथ आर्थिक क्षति भी हो रही है। इन बातों को लेकर युवा मोर्चा ने तत्काल ट्रेन चलवाने की सांसद रामविचार नेताम से मांग की। राज्यसभा सांसद ने तत्काल इन ट्रेनों के परिचालन के संबंध में जीएम और डीआरएम से बात की और दोनों ट्रेनों के संचालन की पहल करने कहा। इस अवसर पर नगर महामंत्री रवि सोनी, नगर उपाध्यक्ष सौरव मिश्रा, मोंटी यादव, अंशु जायसवाल, परमेश मिश्रा, दीपक, रजनीश सिंह उपस्थित रहे।

Categorized in: