अंबिकापुर। कल्याणपुर जंगल में सोमवार की देर शाम 24 वर्षीय युवती का सड़ा–गला शव पुलिस ने बरामद किया है। लटोरी पुलिस ने बताया कि कल्याणपुर जंगल का बीट गार्ड कोस प्रसाद राजवाड़े पिता अतिबल राजवाड़े सोमवार को ड्यूटी के दौरान जंगल गया था, यहां असहनीय बदबू आने की वजह से किसी शव के जंगल में होने की संभावना व्यक्त करते हुए उसने इसकी सूचना लटोरी पुलिस को दी।सूचना पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि किसी व्यक्ति का शव दफनाया हुआ है, जिसका केवल हाथ दिखाई दे रहा है, इसके बाद पुलिस ने शव को रात भर अपने पहरे में रखा और मंगलवार को एफएसएल व स्निफर डॉग के साथ पुलिस के उच्च अधिकारियों की उपस्थिति में शव को कब्र से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम, पंचनामा की कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने जिले सहित सीमावर्ती थानों से गुम इंसान का पता-तलाश कराया तो पता चला कि गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ेसा की 24 वर्षीय युवती क्रांति सिंह आत्मज घूर साय पिछले आठ दिनों से लापता है, जिसका स्वजनों ने गांधीनगर थाना में गुम इंसान का मामला भी दर्ज कराया था। पुलिस ने शंका के आधार पर मंगलवार को क्रांति सिंह के स्वजनों को मौके पर बुलाकर शव की शिनाख्त कराई, तो स्वजनों ने पहचान क्रांति सिंह के रूप में की। मौके पर शव पंचनामा, पोस्टमार्टम उपरांत पुलिस ने स्वजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Categorized in: