अंबिकापुर। राष्ट्रीय पंचायत दिवस के मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव जिले के सबसे अंतिम छोर पर बसे ग्राम पंचायत बकोई पहुंचे। यह ग्राम प्रदेश के पंचायत एवं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव का विधायक आदर्श ग्राम है। उन्होंने राष्ट्रीय पंचायत दिवस पर बकोई पहुंच ग्रामीणों की समस्याएंं सुनी। विधायक आदर्श ग्राम बनने के बाद सड़क सहित अन्य सुविधाओं के विस्तार के लिए ग्रामीणों ने अंबिकापुर विधायक टीएस सिंहदेव और जिपं उपाध्यक्ष आदित्येश्वर का धन्यवाद ज्ञपित किया।
ग्राम पंचायत बकोई के झिंगाझरिया मोहल्ले एवं बकोई पंचायत में अलग-अलग कैंप लगा आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने लोगों से चर्चा के साथ पंचायत में संचालित योजनाओं पर चर्चा की। जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने बच्चों से स्कूल के विषय में भी जानकारी ली। बकोई के प्रायमरी स्कूल के बच्चों ने शिक्षक का नाम लेकर बताया कि शिक्षक स्कूल में केवल मोबाइल देखते रहते हैं और मोबाइल देखते हुए सो जाते हैं। झिंगाझरिया के बच्चों ने बताया कि स्कूल में खेल का सामान है लेकिन बच्चों को खेलने के लिए नहीं देते हैं। स्कूल में अंडा एवं केला नहीं मिलने की भी बच्चों व अभिभावक ने जानकारी दी। जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने बच्चों से पहाड़ा एवं आमजनों से प्राप्त आवेदन को पढ़वा कर देखा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य राकेश गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि सिद्धार्थ सिंहदेव, जिला पंचायत सदस्य राजनाथ सिंह, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष राजीव सिंह, जनपद उपाध्यक्ष नीरज मिश्रा, बबन रवि, ओमप्रकाश सिंह, ददना यादव, प्रभु सिंह, अवधेश सिंह सहित काफी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
शिविर लगाकर करें स्वास्थ्य जांच, बनाएं आयुष्मान कार्ड-
जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने लोगों से पूछा क्या आपके खून, आंख, दांत की जांच होती है, लोगों ने कहा आंगनबाड़ी में जांच होती है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को 27 अप्रैल को शिविर लगाकर एनीमिया, हीमोग्लोबिन, आयरन, आंख, दांत एवं अन्य जांच एक-एक व्यक्ति का करने एवं आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं। कुछ लोगों ने व्यक्तिगत सोलर लाइट वहीं पेयजल हेतु पानी की व्यवस्था कराने की मांग की है। बताया गया कि हैंडपंप कई खोदे गए हैं, लेकिन कोई भी 100 प्रतिशत सफल नहीं हो पाया। वहीं महीने में दो बार स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग की गई।
ऐसी शिकायतें व मांगें निकलकर आई सामने-
आमजनों ने सड़क, पेयजल की समस्या सहित सबसे अधिक शिकायत स्कूलों में पढ़ाई, शिक्षकों के नहीं आने, सही मध्यान्ह भोजन नहीं मिलने जैसी की। भेलवाडांड आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर होने की जानकारी कार्यकर्ता ने दी साथ ही बकोई ग्राम पंचायत के प्रायमरी स्कूल में अतिरिक्त कक्ष की मांग सामने आई। आंगनबाड़ी में बाउंड्री कराने की मांग की गई। मिडिल स्कूल की मांग भी ग्रामवासियों ने की। विकलांगता प्रमाणपत्र एवं मृत्यु प्रमाणपत्र समय पर बनाने की मांग की गई। ग्रामीणों ने बताया कि हितग्राहियों को पेंशन समय पर मिलता है। प्रधानमंत्री आवास की मांग भी सामने आई। सामाजिक पेंशन के प्रकरण तैयार कर हितग्राहियों को जल्द योजना का लाभ दिलाने के निर्देश जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने दिए।

Categorized in: