अंबिकापुर। छात्रा से अश्लील हरकत करने वाले शिक्षक पर एफआइआर दर्ज करा दी गई है। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर में पदस्थ सहायक शिक्षक विज्ञान एलबी राजकुमार सिंह के द्वारा परीक्षा के दौरान छात्राओं से अश्लील हरकत करने, उन्हें धमकी देने और फेसबुक से गंदी चित्र दिखाने संबंधित शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की जांच विकासखंड शिक्षा अधिकारी लखनपुर से कराई गई। जांच उपरांत प्रतिवेदित किया गया कि विद्यालय में पदस्थ शिक्षक राजकुमार सिंह के द्वारा परीक्षा अवधि के दौरान छात्राओं के साथ अश्लील हरकत की गई है। उन्हें धमकी दी गई है तथा फेसबुक के माध्यम से आपत्तिजनक चित्र दिखाए गए हैं। कई छात्राओं ने लिखित में बयान दिया है कि इस तरह की घटना शिक्षक के द्वारा विगत कई माह से की जा रही थी। जब इसकी जानकारी छात्राओं ने प्राचार्य को दी, तो प्राचार्य के द्वारा तत्काल दोषी शिक्षक को पीड़ित छात्राओं, उनके अभिभावकों के समक् बुलाया गया तथा इसकी सूचना थाने में दी गई। थाना प्रभारी लखनपुर के द्वारा सभी को बैठाकर समझाइश दी गई कि यह बहुत गंभीर मामला है, इस तरह की घटना आपराधिक कृत्य है। जिस पर संस्था से लिखित शिकायत मिलने पर एफआइआर दर्ज की जाएगी तथा शिक्षक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्राचार्य की सूचना तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी लखनपुर के जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी अंबिकापुर के द्वारा दोषी शिक्षक राजकुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तथा संबंधित शिक्षक के विरुद्ध भारतीय दंड विधान की धारा 354, 354ए, 506, 509 व पाक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है।

Categorized in: