मृतका के हाथ में लिखा है संदेही का नाम, पुलिस जांच में जुटी
जरही वासियों में आक्रोश, सैकडों की संख्या में लोग पहुंचे थाने
अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के जरही नगर पंचायत अंतर्गत ऊर्जा नगर कॉलोनी में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा फांसी में लटकी मिली। घर पहुंचे चाचा ने जब दरवाजा खुलवाया तो कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। दरवाजे को बलपूर्वक खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी भौचक रह गए। छात्रा के हाथ में एक लड़के का नाम लिखा है, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। कॉलोनी के लोगों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का संदेह जताया है। घटना को लेकर जरही वासियों में भारी आक्रोश है, इनके द्वारा आरोपितों के गिरफ्तारी और ठोस कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के ऊर्जा नगर कॉलोनी जरही की किशोरी कक्षा 12वीं की छात्रा थी। उसके पिता एसईसीएल में कार्यरत हैं, जो इलाज के लिए बिलासपुर गए हैं, जिस कारण छात्रा घर में अकेले थी। गुरुवार को छात्रा स्कूल से घर लौटी, शाम को उसके चाचा घर लौटे तो कमरे में किशोरी के फांसी में लटकने की जानकारी आस-पड़ोस के लोगों को मिली। इसकी सूचना मिलने पर मौके में पुलिस पहुंची। मृत छात्रा के हाथ में एक लड़के का नाम लिखा है। पुलिस ने फिलहाल किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल पाएगा कि मामला हत्या कर फांसी पर लटकाने या खुदकुशी का है। हालांकि मौके की स्थिति को देखने के बाद सुनियोजित तरीके से दुष्कर्म के बाद हत्या की संभावना लोग जता रहे हैं। वहीं घटना को लेकर पूरे जरही कॉलोनी के लोगों में आक्रोश है। जनप्रतिनिधियों और आम जनता ने कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर अशोक गुप्ता, तेज बहादुर सिंह, पूरन राजवाड़े, रविंद्र जायसवाल, राकेश सिंह, हरिहर गुप्ता, राकेश शुक्ला, प्रवीण सिंह सहित जरही कॉलोनी के सैकड़ों लोग भटगांव थाना पहुंचे। इन्हें एसडीओपी अमलोक सिंह, थाना प्रभारी विमलेश सिंह, उमेश सिंह ने आश्वस्त किया कि दोषी नहीं बख्से जाएंगे।

Categorized in: