अंबिकापुर। आजाद सेवा संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरगुजा कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर बताया कि ग्राम हनुमानगढ़ के लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम हनुमानगढ़ में लगभग दो सालों से गौठान का निर्माण रुका हुआ है। कार्य के लिए सबसे निम्न गुणवत्ता की ईट वहां गिराया गया है। रुके हुए गौठान के निर्माण को जल्द से जल्द चालू कराने की मांग की गई है। ग्राम में लगभग 150 से 200 घर हैं, जहां सिर्फ एक छोटा सा ट्रांसफार्मर लगाया गया है जो अधिकतर समय खराब रहता है जिससे ग्राम वासियों को दो-दो, तीन-तीन दिन तक बिजली नहीं मिलती है, इसलिए वहाँ एक बड़ा ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई है ताकि गांव की बिजली की समस्या खत्म हो सके। गांव में सही तरीके से आज तक सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है जिससे आवागमन में समस्या होती है। संघ ने सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का आग्रह किया है ताकि बरसात पूर्व आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके। आजाद सेवा संघ प्रदेश सचिव ने बताया कि दिसम्बर 2021 में भी इन समस्याओं से कलेक्टर सरगुजा को अवगत कराया जा चुका है, परंतु आज दिनांक तक कोई कारवाई नहीं हुई। एक सप्ताह के अंदर समस्याओं को दूर करने की पहल नहीं होने पर आजाद सेवा संघ छत्तीसगढ़ उग्र आंदोलन करेगा। ज्ञापन सौंपते समय आजाद सेवा संघ के संभागीय प्रवक्ता अनुराग तिवारी, गणेश मिश्रा, प्रतीक गुप्ता, हर्ष गुप्ता, अतुल गुप्ता, अमन सिंह, संगीता कंडेल, ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुभाष चौहान, रितेश यादव, जयप्रकाश, अकाश उपस्थित रहे।

Categorized in: