पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की महंगाई पर मौन क्यों हैं भाजपा के नेता

मनेंद्रगढ़ । पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के बढ़े दामों का विरोध करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के प्रवक्ता शुद्धूलाल वर्मा ने कहा कि भाजपा की केन्द्र की मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण आसमान छू रही महंगाई से जनता का जीना मुश्किलों भरा हो गया है। केन्द्र सरकार द्वारा वसूले जा रहे बेतहाशा एक्साईज टैक्स के कारण डीजल, पेट्रोल के दाम बढ़ गये, रसोई गैस, खाद तेल, राशन, साबुन, कपड़े, कापी, किताब सभी वस्तुओं के दाम आसमान पर है। गरीब आदमी के लिये महंगाई के कारण जीना मुहाल हो गया है। मोदी और उनकी सरकार महंगाई पर अकुंश लगाने के लिये कोई भी प्रभावी कदम नहीं उठा पा रहे है। कांग्रेस प्रवक्ता श्री वर्मा ने कहा कि देश की जनता वह दिन नहीं भूली है जब कांग्रेस की सरकार केंद्र में थी उस दौरान 400 रुपये में गैस के सिलेंडर और 68 रुपये लीटर पेट्रोल मिलता था तब भाजपा के नेता और नेत्री उस दौरान इस दाम को महंगा बताकर विरोध करने सड़कों पर साइकिल चलाते थे और प्याज आलू की माला पहन कर प्रदर्शन करते थे। 2014 के बाद से लेकर आज तक केंद्र में बैठी भाजपा की मोदी सरकार ने देश के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को महंगाई के बोझ तले दबा दिया है जिससे उनका जीना मुश्किलों भरा हो गया है ! 2014 में जो रसोई गैस 400 रुपये में मिलती थी उसे आज 1050 रुपये में गरीब जनता खरीदने को मजबूर है ! 2014 में जो पेट्रोल 68 रुपये लीटर मिलता था वह आज 105 रुपये लीटर से ऊपर है! खाद्य सामग्री, स्टेशनरी सामग्री, होजियारी सहित दैनिक उपयोग की वस्तुएं के दाम 2 गुना से 3 गुना हो गये हैं। श्री वर्मा ने कहा कि अब ऐसा लगता है कि भाजपा के नेताओं के किचन में खाना नहीं बनता इसलिए उन्हें अब महंगाई का एहसास नहीं होता है। आम जनता भाजपा नेताओं का इंतजार कर रही है कि कब भाजपाई सड़कों पर उतर कर इस महंगाई डायन का विरोध करेंगे ! दुर्भाग्य की बात है बढ़ती महंगाई को भी आरएसएस भाजपा से जुड़े लोग राष्ट्रहित में बताकर गरीब जनता का मजाक उड़ाते हैं ! देश की जनता देख रही है किस प्रकार से महंगाई बढ़ रही है और केंद्र में बैठी भाजपा की मोदी सरकार देश की जनता को धर्म व जात पा॑त से लड़ा कर इधर उधर की बात कर जनता का ध्यान मंहगाई से भटकाने में लगी है!

Categorized in: