अंबिकापुर। बिलासपुर में अंबिकापुर की एक छात्रा फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव जूना बिलासपुर स्थित किराए के मकान में फांसी के फंदे पर लटका मिला है। बताया जा रहा है कि पीएससी प्रारंभिक परीक्षा के नतीजे आने के बाद उसने ऐसा कदम उठाया है, छात्रा परीक्षा में पास नहीं हो पाई थी। इस खतरनाक कदम से एक दिन पहले ही छात्रा ने अपने स्वजनों से बात की थी, तब वह बिल्कुल सामान्य थी। बिलासपुर की कोतवाली पुलिस ने उसके मोबाइल को जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के नमनाकला में रहने वाली प्रियंका गुप्ता, पुत्री पारस नाथ गुप्ता बिलासपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह जूना बिलासपुर में मनोहर गुप्ता के यहां किराए के मकान में रहती थी। मंगलवार की रात करीब आठ बजे पड़ोस में रहने वाली महिला उसे आवाज दी, अंदर से कोई आहट नहीं मिलने पर कुछ देर बाद वह फिर आवाज दी और खिड़की से देखा तो पंखे से उसका शव लटक रहा था। इसकी जानकारी मकान मालिक मनोहर गुप्ता के साथ ही पुलिस को दी गई।
नहीं मिला कोई सुसाइड नोट-
बिलासपुर कोतवाली के थाना प्रभारी प्रदीप आर्या के मुताबिक बुधवार की सुबह छात्रा के स्वजनों की मौजूदगी में कमरे की तलाशी ली गई, लेकिन कुछ नहीं मिला। पुलिस को शक था कि युवती सुसाइड नोट जरूर छोड़ी होगी। पुलिस ने युवती के मोबाइल को जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर युवती के मौत के कारणों का राज खुल सकता है। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है। पुलिस ने बताया कि प्रियंका गुप्ता चार माह पहले ही शहर आई थी। वह पीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
इकलौती बेटी थी-
स्वजनों ने पुलिस को बताया कि प्रियंका उनकी इकलौती बेटी थी। वह रोज अपने घर में बात करती थी। सोमवार को भी वह घर में बात की, तब तक वह बिल्कुल सामान्य थी, लेकिन मंगलवार को उसका मोबाइल बंद मिला। इस दौरान उन्हें लगा कि वह मोबाइल बंद कर पढ़ रही होगी। उन्हें क्या पता था कि वह आत्महत्या कर ली है।

Categorized in: