सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
अंबिकापुर। नगर निगम सहित सरगुजा जिले की सड़क मरम्मत के लिए आगामी नौ मार्च को पेश किए जाने वाले राज्य सरकार के चौथे बजट में राशि का प्रावधान करने की मांग को लेकर सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अजय बंसल ने मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित किया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लिखे पत्र में उल्लेखित है कि अंबिकापुर नगर-निगम सहित सरगुजा जिले की कई सड़क खस्ताहाल है, जिससे आम जनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बंसल ने बताया कि अंबिकापुर नगर निगम के 48 वार्डों में से लगभग सभी वार्डों की सड़क जर्जर स्थिति में पहुंच गई है, इनके मरम्मत के लिए कम से कम 40 करोड़ रुपये की आवश्यकता अंबिकापुर नगर निगम को है। पूर्व में भी नगर निगम के जनप्रतिनिधियों ने सड़क मरम्मत के लिए 30 करोड़ रुपये की मांग नगरीय प्रशासन मंत्री से की थी, जिसमें से थोड़े बहुत रुपये निगम को मिले हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया है कि अंबिकापुर नगर निगम स्वच्छता के क्षेत्र में अव्वल रहकर प्रदेश का नाम कई बार रौशन कर चुका है। वर्तमान में वर्ष 2022 के लिए स्वच्छता सर्वेक्षण चल रहा है। सरकार के इस चौथे बजट में अंबिकापुर शहर के लिए उक्त राशि का प्रावधान करने से यहां की जनता को राहत मिलेगी। इसी तरह सरगुजा जिले के विभिन्न ग्रामीण सड़क एवं मुख्य मार्ग के मरम्मत के लिए भी उन्होंने मुख्यमंत्री को बजट में राशि का प्रावधान करने की मांग की है।

Categorized in: